नागपुर के बारूद कारखाने में भीषण विस्फोट, 17 मजदूरों की मौत, 18 गंभीर रूप से घायल; जांच के सख्त आदेश

नागपुर के कटोल तहसील स्थित एसबीएल एनर्जी लिमिटेड के विस्फोटक कारखाने में भीषण धमाके से 17 लोगों की मौत हो गई और 18 गंभीर रूप से घायल हैं। प्रशासन, NDRF और SDRF की टीमें मौके पर राहत कार्य में जुटी हैं। घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

Post Published By: सौम्या सिंह
Updated : 1 March 2026, 12:02 PM IST

Nagpur: महाराष्ट्र के नागपुर जिले में रविवार को एक भीषण औद्योगिक हादसा हो गया। कटोल तहसील के राउलगांव स्थित खनन और औद्योगिक विस्फोटक निर्माता कंपनी एसबीएल एनर्जी लिमिटेड के कारखाने में अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और फैक्ट्री परिसर में काम कर रहे कई कर्मचारी इसकी चपेट में आ गए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक इस दर्दनाक हादसे में 17 लोगों की मौत हो गई, जबकि 18 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

फैक्ट्री में मचा हड़कंप, राहत-बचाव कार्य जारी

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। नागपुर ग्रामीण के एसपी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि विस्फोट के तुरंत बाद राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। घायलों को तत्काल नागपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।

Nagpur Violence: महाराष्ट्र सरकार बैकफुट पर, हाईकोर्ट ने नागपुर में बुलडोजर एक्शन पर लगाई रोक

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विस्फोट के बाद फैक्ट्री परिसर में धुएं का गुबार छा गया और कई हिस्सों में आग भी लग गई। दमकल विभाग की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। प्रशासन ने एहतियातन आसपास के क्षेत्र को खाली करवा लिया है।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने जताया शोक

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) और राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीमें मौके पर तैनात हैं और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। मुख्यमंत्री ने मृतकों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि घायलों को तुरंत नागपुर शिफ्ट कर समुचित इलाज मुहैया कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अब तक 17 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 18 लोग घायल हैं।

जांच के आदेश, सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल

मुख्यमंत्री ने घटना की पूरी जांच के आदेश दे दिए हैं। प्रशासन यह पता लगाने में जुटा है कि विस्फोट किस कारण से हुआ और क्या फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं। औद्योगिक क्षेत्र में हुए इस बड़े हादसे के बाद सुरक्षा व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठने लगे हैं।

Nagpur Violence: नागपुर हिंसा मामले में नई बख्शे जाऐंगे दंगाई, होगी ये सख्त कार्रवाई

फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है। पूरे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है, वहीं लोग घटना की विस्तृत जांच और जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Location : 
  • Nagpur

Published : 
  • 1 March 2026, 12:02 PM IST