महाराष्ट्र में टेरर अलर्ट: RSS मुख्यालय और पुणे-मुंबई मेयर दफ्तर को बम से उड़ाने की धमकी, खालिस्तान का जिक्र

महाराष्ट्र में RSS मुख्यालय, विधान भवन और पुणे-मुंबई मेयर ऑफिस को बम से उड़ाने का धमकी भरा ई-मेल मिला है। खालिस्तान और ऑपरेशन ब्लूस्टार का जिक्र करने वाले इस मेल के बाद सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 10 June 2026, 2:29 PM IST

Mumbai: महाराष्ट्र में बुधवार को आए सिलसिलेवार बम धमकी वाले ई-मेल ने राज्य की सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया। एक अज्ञात सिरफिरे ने ई-मेल भेजकर नागपुर स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) मुख्यालय, मुंबई के विधान भवन, पुणे महानगरपालिका (PMC) और मुंबई मेयर कार्यालय को बम से उड़ाने की खौफनाक धमकी दी।

धमकी मिलने के बाद एहतियातन पुणे महानगरपालिका की मुख्य इमारत को खाली करा लिया गया और भारी पुलिस बल के साथ खोजी अभियान चलाया गया। इस घटना के बाद से पूरी राज्य पुलिस और खुफिया एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं।

ई-मेल में टाइमिंग फिक्स

सुरक्षा एजेंसियों से मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 8 बजे ‘तामिया एडवर्ड्स’ नाम की एक मेल आईडी से यह धमकी भरा संदेश भेजा गया था। इस ई-मेल में ‘बम ब्लास्ट-आईईडी’ (IED) का जिक्र करते हुए बाकायदा धमाकों का समय भी तय किया गया था।

मेल में लिखा था कि दोपहर 1:11 बजे पुणे के मेयर ऑफिस, दोपहर 3:11 बजे विधान भवन और शाम 6:11 बजे नागपुर के आरएसएस मुख्यालय को निशाना बनाया जाएगा। धमकी भरे संदेश में बेहद आक्रामक भाषा का इस्तेमाल करते हुए ‘बदला, बदला, बदला’ लिखा गया था और लोगों को अपने बच्चों को बचाने की खुली चेतावनी दी गई थी।

मजदूरी करने मुंबई गया था पति, पीछे से 6 महीने की बच्ची को रोता छोड़ आशिक संग फुर्र हुई महिला

खालिस्तान और ऑपरेशन ब्लूस्टार का कनेक्शन

इस धमकी भरे ई-मेल ने सुरक्षा एजेंसियों के कान इसलिए भी खड़े कर दिए हैं क्योंकि इसमें गंभीर राजनीतिक और आतंकी संदर्भों का इस्तेमाल किया गया है। मेल में ‘खालिस्तान’, ‘ऑपरेशन ब्लूस्टार’ और ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ जैसे शब्दों का जिक्र था। इसके साथ ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) विरोधी तीखी टिप्पणियां भी की गई थीं।

पुलिस इस बात की गहराई से तफ्तीश कर रही है कि यह किसी आतंकी संगठन की वास्तविक साजिश है या फिर माहौल खराब करने के लिए किसी शरारती तत्व द्वारा किया गया 'होक्स' (झूठा) ई-मेल है।

बम निरोधक दस्ते ने संभाला मोर्चा

धमकी की खबर जैसे ही आग की तरह फैली, पुणे पुलिस, बम निरोधक और श्वान दस्ता (BDDS) तुरंत हरकत में आ गए। एहतियात के तौर पर पुणे महानगरपालिका परिसर से सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को तुरंत बाहर निकाला गया और पूरी इमारत की सघन चेकिंग की गई।

अधिकारियों के मुताबिक, घंटों चली तलाशी के बाद फिलहाल परिसर से कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक बरामद नहीं हुआ है। हालांकि, सुरक्षा को देखते हुए संवेदनशील ठिकानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

17 जून को शादी के लिए जाना था गांव, मुंबई सड़क हादसे में उजड़ गईं खुशियां; एकमात्र कमाने वाले बेटे की मौत से परिवार में कोहराम

मुंबई में भी अलर्ट

पुणे के साथ-साथ देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में भी सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर आ गईं। मुंबई में भी मेयर को निशाना बनाकर इसी तरह का एक धमकी भरा ई-मेल भेजा गया, जिसमें महापौर के आधिकारिक वाहन और उनके कार्यालय कक्ष को बम से उड़ाने का दावा किया गया था।

इसके तुरंत बाद बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) प्रशासन और मुंबई पुलिस ने सुरक्षा चाक-चौबंद कर दी है। साइबर सेल की टीमें दोनों ई-मेल्स के आईपी एड्रेस (IP Address) और उनके ओरिजिन सोर्स को ट्रैक करने में जुट गई हैं ताकि इस साजिश के पीछे के चेहरे को बेनकाब किया जा सके।

Location :  Mumbai

Published :  10 June 2026, 2:29 PM IST