हिंदी
अवैध बालू पर कार्रवाई के दौरान बड़ा हादसा (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Deoghar: झारखंड के देवघर जिले के देवीपुर थाना क्षेत्र स्थित गिधैया गांव में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। अवैध बालू उत्खनन के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई के दौरान एक बेकाबू ट्रैक्टर एक कच्चे घर में घुस गया। इस हादसे में घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे आ गया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को इलाके में अवैध बालू उठाव की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने एक बालू लदे ट्रैक्टर का पीछा शुरू किया। पकड़े जाने के डर से ट्रैक्टर चालक ने वाहन की गति तेज कर दी। इसी दौरान नियंत्रण खोने से ट्रैक्टर सड़क किनारे स्थित एक कच्चे मकान में जा घुसा।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि मकान की दीवारें टूटकर गिर गईं और घर का बड़ा हिस्सा जमींदोज हो गया। घटना के समय परिवार के सदस्य घर में मौजूद थे, लेकिन गनीमत रही कि किसी की जान नहीं गई। हालांकि, परिवार का सारा सामान मलबे में दब गया और उनका आशियाना पूरी तरह उजड़ गया।
देवघर में महिला शक्ति की मिसाल: आशा कुमारी को बांस के हुनर ने दी नई उड़ान, बदली सैकड़ों जिंदगियां
हादसे के तुरंत बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस की कार्रवाई में सावधानी नहीं बरती गई, जिसके कारण यह हादसा हुआ।
इस घटना ने एक बार फिर झारखंड में अवैध बालू उत्खनन के मुद्दे को सुर्खियों में ला दिया है। लंबे समय से इस “सफेद सोने” के कारोबार को लेकर सियासी बयानबाजी जारी है, लेकिन जमीनी स्तर पर इसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है।
देवघर में एक क्लिक और खाता साफ! फोन कॉल से लूट लेते थे जिंदगी भर की कमाई, ऐसे काम करता था ये गिरोह
घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। लोगों ने पीड़ित परिवार को तत्काल मुआवजा देने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस कार्रवाई के दौरान आम लोगों की सुरक्षा को नजरअंदाज किया जा रहा।
Location : Deoghar
Published : 6 April 2026, 12:20 PM IST