नेपाल में हिंदू युवक की हत्या से भारत में भी हड़कंप! सुनसरी में गोलीबारी के बाद लगा कर्फ्यू, SSB ने बढ़ाई सीमा पर चौकसी

नेपाल के सुनसरी में धार्मिक झंडे और डीजे विवाद के बाद भड़की हिंसा में 24 साल के युवक की मौत हो गई। बिगड़ते हालात देख अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लगा दिया गया है, डीएम और एसपी बदल दिए गए हैं। इंडो-नेपाल बॉर्डर पर भी आवाजाही रोक दी गई है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 28 July 2026, 10:21 AM IST

Kathmandu: भारत के पड़ोसी देश नेपाल के सुनसरी जिले में धार्मिक प्रतीकों और डीजे बजाने को लेकर शुरू हुआ एक छोटा सा विवाद अचानक हिंसक मोड़ ले चुका है। कप्तानगंज इलाके में हुए इस उपद्रव में पुलिस फायरिंग के दौरान 24 वर्षीय ओम प्रकाश मेहता की जान चली गई, जबकि 24 से अधिक लोग घायल हो गए। इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव चरम पर पहुंच गया है, जिसे देखते हुए नेपाली प्रशासन ने जिले में अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लागू कर दिया है।

झंडे और डीजे विवाद से सुलगी सांप्रदायिक चिंगारी

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, तनाव की शुरुआत देवानगंज ग्रामीण नगरपालिका के कप्तानगंज क्षेत्र से हुई। यहां पहले एक बिजली के खंभे पर लगे मुस्लिम समुदाय के झंडे को हटाकर हिंदू धर्म का झंडा लगा दिया गया था।

इसके बाद मंदिर के बाहर तेज आवाज में बज रहे डीजे को लेकर दोनों गुट आमने-सामने आ गए। कहासुनी इतनी बढ़ी कि भारी पथराव शुरू हो गया। भीड़ को बेकाबू होते देख पुलिस ने हवाई फायरिंग और बल प्रयोग किया, जिसमें ओम प्रकाश मेहता को गोली लग गई और मौके पर ही माहौल बेकाबू हो गया।

रूस दे रहा ईरान को खुफिया जानकारी? जेलेंस्की के आरोपों को ट्रंप ने बताया बेअसर, बोले- हमने ईरान को घुटनों पर ला दिया

प्रशासन पर गिरी गाज, तैनात हुआ दंगा निरोधक दस्ता

हिंसा रोकने में नाकाम रहने और स्थिति बिगड़ने पर नेपाल सरकार ने कड़ा एक्शन लिया है। सुनसरी के मुख्य जिला अधिकारी (DM) वासुदेव घिमिरे को हटाकर ईश्वरी प्रसाद अर्याल को कमान सौंपी गई है। वहीं, एसपी केशव थेवे की जगह पुष्पराज मल्ल को नया पुलिस प्रमुख बनाया गया है।

प्रभावित इलाकों भंटाबारी, घुस्की, कप्तानगंज और बस्ती बाजार में अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लगा दिया गया है। सड़कों पर टायर जलाकर प्रदर्शन कर रहे उपद्रवियों से निपटने के लिए दंगा निरोधक दस्ते को जमीन पर उतारा गया है।

भारत-नेपाल सीमा पर अलर्ट, एसएसबी ने रोकी आवाजाही

सुनसरी जिले में फैली इस हिंसा का असर भारत से सटे सीमावर्ती इलाकों पर भी साफ दिखाई दे रहा है। सुरक्षा और शांति बनाए रखने के लिए भारतीय सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल (SSB) पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई है।

नेपाल ने बदले भारतीय नोटों के नियम, 200-500 रुपये पर खत्म हुई रोक, जानिए क्या बदला

एहतियात के तौर पर भारत-नेपाल बॉर्डर पर आम लोगों की आवाजाही को रोक दिया गया है। सुनसरी प्रशासन ने चेतावनी दी है कि कर्फ्यू और निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने वालों पर 1000 नेपाली रुपये का जुर्माना या एक महीने की जेल की सजा दी जाएगी।

Location :  Kathmandu

Published :  28 July 2026, 10:21 AM IST