हिंदी
फीफा वर्ल्ड कप ट्रोफी (img: google)
New Delhi: फीफा वर्ल्ड कप 2026 को लेकर दुनियाभर में उत्साह बना हुआ है। फुटबॉल फैंस अपनी पसंदीदा टीमों को लेकर अलग-अलग अनुमान लगा रहे हैं। इसी बीच जर्मनी के एक अर्थशास्त्री की भविष्यवाणी ने खेल जगत में नई चर्चा छेड़ दी है।
जर्मन अर्थशास्त्री जोआचिम क्लेमेंट ने अपने खास फॉर्मूले के जरिए दावा किया है कि इस बार नीदरलैंड्स की टीम फीफा वर्ल्ड कप जीत सकती है। अगर ऐसा होता है तो यह नीदरलैंड्स के इतिहास का पहला विश्व कप खिताब होगा। सबसे खास बात यह है कि क्लेमेंट की पिछली तीन भविष्यवाणियां बिल्कुल सही साबित हुई हैं। यही कारण है कि अब फुटबॉल फैंस और विशेषज्ञ उनकी बातों को गंभीरता से ले रहे हैं।
साल 2010 के फीफा वर्ल्ड कप के दौरान पॉल द ऑक्टोपस ने अपनी भविष्यवाणियों से पूरी दुनिया को चौंका दिया था। जर्मनी का यह ऑक्टोपस कई मुकाबलों के नतीजे सही बताकर चर्चा में आ गया था। अब एक बार फिर जर्मनी से ऐसी भविष्यवाणी सामने आई है, लेकिन इस बार यह किसी जानवर ने नहीं बल्कि एक अर्थशास्त्री ने की है। जोआचिम क्लेमेंट ने आंकड़ों और गणित के आधार पर एक ऐसा मॉडल तैयार किया है, जो वर्ल्ड कप विजेता का अनुमान लगाता है। उनका यह फॉर्मूला देश की जनसंख्या, टीम की ताकत, फीफा रैंकिंग और अन्य आंकड़ों का विश्लेषण करता है।
जोआचिम क्लेमेंट का मॉडल पिछले तीन फीफा वर्ल्ड कप में पूरी तरह सही साबित हुआ है। उन्होंने साल 2014 में जर्मनी को चैंपियन बनने का दावेदार बताया था और जर्मनी ने ब्राजील में आयोजित टूर्नामेंट जीत लिया था। इसके बाद 2018 फीफा वर्ल्ड कप में क्लेमेंट ने फ्रांस को विजेता बताया। उस समय भी उनका अनुमान सही निकला और फ्रांस ने खिताब अपने नाम किया। साल 2022 में कतर में हुए फीफा वर्ल्ड कप के दौरान उन्होंने अर्जेंटीना के चैंपियन बनने की भविष्यवाणी की थी। लियोनेल मेसी की कप्तानी में अर्जेंटीना ने फाइनल में फ्रांस को हराकर ट्रॉफी जीत ली थी। लगातार तीन बार सही भविष्यवाणी होने के बाद अब क्लेमेंट का नाम दुनियाभर में चर्चा का विषय बन गया है।
जोआचिम क्लेमेंट का कहना है कि उनका मॉडल केवल अनुमान नहीं लगाता, बल्कि कई आंकड़ों का विश्लेषण करता है। इसमें किसी देश की आबादी, टीम की अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग, खिलाड़ियों का प्रदर्शन और पिछले टूर्नामेंट का रिकॉर्ड शामिल होता है। हालांकि क्लेमेंट यह भी मानते हैं कि फुटबॉल में केवल आंकड़े ही सब कुछ तय नहीं करते। उनका कहना है कि किसी भी मैच में करीब आधी चीजें आंकड़ों से समझी जा सकती हैं, जबकि बाकी नतीजे किस्मत और मैच के दौरान के प्रदर्शन पर निर्भर करते हैं। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि उनके पास कोई जादुई क्रिस्टल बॉल नहीं है। वे खुद को सिर्फ “भाग्यशाली अर्थशास्त्री” मानते हैं।
सबसे दिलचस्प बात यह है कि क्लेमेंट ने शुरुआत में यह साबित करने के लिए यह मॉडल बनाया था कि वर्ल्ड कप विजेता की भविष्यवाणी करना लगभग असंभव है। लेकिन जब 2014 में उनका मॉडल पहली बार सही साबित हुआ तो वे खुद हैरान रह गए। उन्होंने बताया कि उस समय अधिकतर विशेषज्ञों का मानना था कि दक्षिण अमेरिका में आयोजित वर्ल्ड कप कोई यूरोपीय टीम नहीं जीत सकती। इसके बावजूद जर्मनी ने ब्राजील को हराकर खिताब जीत लिया था। क्लेमेंट ने कहा कि वे बार-बार अपने मॉडल को गलत साबित करने की कोशिश करते रहे, लेकिन लगातार तीन बार सही परिणाम आने के बाद अब लोग उनकी भविष्यवाणी का इंतजार करने लगे हैं।
फीफा वर्ल्ड कप 2026 के लिए क्लेमेंट के मॉडल ने नीदरलैंड्स को विजेता बताया है। यह भविष्यवाणी इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि नीदरलैंड्स अब तक एक भी वर्ल्ड कप नहीं जीत पाया है। नीदरलैंड्स की टीम तीन बार वर्ल्ड कप फाइनल तक पहुंच चुकी है, लेकिन हर बार उसे हार का सामना करना पड़ा। टीम ने 1974, 1978 और 2010 में फाइनल खेला था। इसके बावजूद वह ट्रॉफी जीतने में सफल नहीं हो सकी। अब अगर क्लेमेंट की भविष्यवाणी सही साबित होती है तो नीदरलैंड्स पहली बार फुटबॉल विश्व कप का चैंपियन बनेगा। यही वजह है कि इस बार फुटबॉल प्रेमियों की नजरें डच टीम के प्रदर्शन पर टिकी रहेंगी।
जोआचिम क्लेमेंट की भविष्यवाणी सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी इसकी काफी चर्चा हो रही है। कई फुटबॉल फैंस इसे मजेदार मान रहे हैं, जबकि कुछ लोग इसे गंभीरता से ले रहे हैं। हालांकि फुटबॉल में आखिरी फैसला मैदान पर खिलाड़ियों का प्रदर्शन ही करता है।
अब यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या जर्मन अर्थशास्त्री की यह चौथी भविष्यवाणी भी सही साबित होती है या फिर इस बार फुटबॉल दुनिया को नया चौंकाने वाला नतीजा देखने को मिलेगा।
Location : New Delhi
Published : 13 June 2026, 5:32 PM IST
Topics : FIFA World Cup 2026 FIFA World Cup Analysis FIFA World Cup Prediction German Economist Joachim Klement