बिग बॉस के घर में छलका उदिति सिंह का दर्द, करण वाही से ब्रेकअप पर कही बड़ी बात

'बिग बॉस 20' में नजर आ रहीं उदिति सिंह ने करण वाही के साथ हुए ब्रेकअप पर बड़ा खुलासा किया है। पेट डॉग नोआ की देखभाल, 10 साल की उम्र का अंतर और पार्टनर द्वारा डीमोटिवेशन मिलने को उन्होंने रिश्ते टूटने की मुख्य वजह बताया।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 29 September 2026, 2:18 PM IST

Mumbai: रियलिटी शो 'बिग बॉस 20' में नजर आ रहीं 30 वर्षीय मॉडल-एक्ट्रेस उदिति सिंह इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर जमकर सुर्खियों में हैं। शो के दौरान वह अक्सर अपने 40 साल के पूर्व प्रेमी (एक्स-बॉयफ्रेंड) और मशहूर टीवी एक्टर करण वाही के साथ अपने 5 साल पुराने रिश्ते पर बात करती नजर आती हैं। हाल ही में साथी कंटेस्टेंट स्काउट ओपी से बातचीत के दौरान उदिति ने अपने इस बहुचर्चित रिश्ते के टूटने की असली वजहों का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि भले ही रिश्ता खत्म होना दुखद था, लेकिन उनके लिए यह ब्रेकअप 'ब्लेसिंग इन डिस्गाइज' यानी एक छिपा हुआ वरदान साबित हुआ।

सफाई के तरीकों पर होती थी बहस

उदिति ने बताया कि उनके हंसते-खेलते रिश्ते में दरार तब आनी शुरू हुई जब लॉकडाउन के दौरान उन्होंने एक पेट डॉग 'नोआ' को गोद लिया। डॉगी के आने के बाद दोनों के बीच जिम्मेदारियों और तौर-तरीकों को लेकर मतभेद होने लगे। उदिति के मुताबिक, डॉगी की देखभाल और साफ-सफाई रखने के उनके तरीके करण से बिल्कुल अलग थे। हर छोटी-छोटी बात पर होने वाली ये रोजमर्रा की बहसें धीरे-धीरे रिश्ते में कड़वाहट घोलने लगीं और दोनों के बीच संवाद खत्म होता गया।

सपोर्ट मिलने के बजाय पार्टनर ही करता था डीमोटिवेट

ब्रेकअप की एक और बड़ी और गंभीर वजह बयां करते हुए उदिति ने कहा कि उन्हें इस रिश्ते में अपने साथी से प्रोत्साहन मिलने के बजाय हमेशा नकारात्मकता (डीमोटिवेशन) ही मिली। उदिति ने भावुक होकर कहा, "मुझे बार-बार ऐसा महसूस कराया जाता था कि मैं कुछ नहीं कर सकती। मुझसे कहा जाता था कि 'आपसे नहीं हो पाएगा, आपको यह नहीं आता'। जब आपका अपना पार्टनर ही आपको नीचा दिखाने लगे, तो रिश्ता खोखला हो जाता है।"

Bigg Boss 20: आधी रात को काजी तौकीर ने मचाया हंगामा, दवाइयों को लेकर बिग बॉस से हुई बहस

10 साल की उम्र का फासला और मां की चिंता बनी वजह

उदिति ने उम्र के अंतर को भी इस बिखराव की एक बड़ी वजह माना। दोनों के बीच 10 साल की उम्र का अंतर था, जिसको लेकर उदिति की मां शुरू से ही काफी चिंतित थीं और वह इस रिश्ते से पूरी तरह खुश नहीं थीं। उदिति ने माना कि किसी भी रिश्ते के खत्म होने के पीछे एक वजह नहीं होती, बल्कि कई छोटी-छोटी बातें मिलकर रिश्ते को खत्म कर देती हैं। उन्होंने कहा कि अगर दो लोगों का साथ किस्मत में नहीं लिखा हो, तो लाख कोशिशों के बाद भी चीजें बिखर ही जाती हैं।

‘मेरी हर बात को पिता मनोज तिवारी से जोड़ देते हैं लोग’, बिग बॉस में रीति ने बयां किया दर्द, कहा- मिलती हैं रेप और मौत की धमकियां

सोशल मीडिया से शुरू हुई थी लव स्टोरी, 2019 में आए थे करीब

बता दें कि उदिति सिंह और करण वाही की लव स्टोरी साल 2019 में सोशल मीडिया के जरिए शुरू हुई थी। इसके बाद दोनों की पहली मुलाकात लंदन में अपने कॉमन दोस्तों के जरिए हुई। लगभग दो महीने तक रोज बातचीत करने के बाद दोनों ने एक-दूसरे को डेट करना शुरू किया। जनवरी 2020 में करण वाही ने सोशल मीडिया पर फोटो शेयर कर अपने इस रिश्ते पर आधिकारिक मुहर लगाई थी, हालांकि अब यह रिश्ता बीते दिनों की बात बन चुका है।

Location :  Mumbai

Published :  29 September 2026, 2:11 PM IST