हिंदी
नीलम गिरी
Mumbai: सलमान खान के चर्चित और विवादित रियलिटी शो बिग बॉस 19 का जोरदार आगाज हो चुका है और इस बार शो में एक ऐसा चेहरा नजर आ रहा है जिसने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर भोजपुरी इंडस्ट्री में खास पहचान बनाई है। हम बात कर रहे हैं भोजपुरी एक्ट्रेस नीलम गिरी की, जिन्होंने अब बिग बॉस के मंच पर अपनी मौजूदगी से दर्शकों को चौंका दिया है।
नीलम गिरी कौन हैं?
नीलम गिरी का जन्म उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में हुआ था। उनका पालन-पोषण एक साधारण मिडिल क्लास परिवार में हुआ, जहां उनके पिता की एक हार्डवेयर की दुकान है। परिवार में कुल 6 सदस्य हैं, जिनमें नीलम के माता-पिता, दो छोटे भाई और एक बड़ी बहन शामिल हैं। अपनी पढ़ाई की शुरुआत उन्होंने बलिया से की और आगे की शिक्षा उन्होंने पटना से पूरी की।
नीलम शुरू से ही एक्टिंग और डांसिंग की शौकीन रही हैं। उनके इसी जुनून ने उन्हें सोशल मीडिया की दुनिया में कदम रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने टिकटॉक पर अपने डांस और एक्टिंग वीडियोज अपलोड करने शुरू किए और जल्द ही लाखों लोगों की नजरों में आ गईं।
कैसे मिली इंडस्ट्री में एंट्री?
नीलम के टैलेंट पर सबसे पहले नजर पड़ी भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह की, जिन्होंने उन्हें अपना पहला ब्रेक दिया। म्यूजिक वीडियो ‘धनिया हमार नया बाड़ी हो’ में पवन सिंह के साथ उनकी जोड़ी को खूब पसंद किया गया और नीलम गिरी रातों-रात स्टार बन गईं। इस गाने ने उन्हें एक नई पहचान दिलाई और उन्हें भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के दरवाजे खोल दिए।
इसके बाद उन्होंने 'यूपी 61: लव स्टोरी ऑफ गाजीपुर', 'टुन टुन', 'इज्जत घर', 'कलाकंद' और 'जस्ट मैरिड' जैसी फिल्मों में काम किया। उनकी एक्टिंग और स्क्रीन प्रेजेंस की वजह से दर्शकों के बीच उनकी जबरदस्त फैन फॉलोइंग बन गई। वे अब तक खेसारी लाल यादव और निरहुआ जैसे दिग्गज अभिनेताओं के साथ भी स्क्रीन शेयर कर चुकी हैं।
अब बिग बॉस के मंच पर
अब जब नीलम गिरी बिग बॉस 19 का हिस्सा बनी हैं, तो उनके चाहने वाले उन्हें एक नए अवतार में देखने के लिए बेताब हैं। बिग बॉस जैसे शो में टिकना सिर्फ पॉपुलैरिटी का नहीं, बल्कि रणनीति, धैर्य और आत्मविश्वास का खेल होता है। नीलम के फैंस उम्मीद कर रहे हैं कि वो न केवल मनोरंजन करेंगी, बल्कि इस प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल अपने करियर को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए करेंगी।
Location : Mumbai
Published : 25 August 2025, 1:29 AM IST
No related posts found.