
करंट से युवक की दर्दनाक मौत
Badaun: बदायूं जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र के धिमरपुरा गांव में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। यहां एक युवक की बिजली के पोल पर चढ़ते ही करंट की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि जिसने भी सुना, वह सन्न रह गया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और देखते ही देखते सैकड़ों लोग मौके पर जमा हो गए। इस हादसे ने एक बार फिर बिजली विभाग की कार्यप्रणाली और सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इस घटना ने उस वक्त और तूल पकड़ लिया जब मृतक के परिजनों ने संविदा लाइनमैन यशवीर पर गंभीर आरोप लगाए। परिजनों का कहना है कि गांव में तैनात लाइनमैन ने अरविंद को जबरन बिजली के पोल पर चढ़ाया था। उनका आरोप है कि बिना किसी सुरक्षा उपकरण और बिना लाइन बंद कराए उसे काम करने के लिए मजबूर किया गया, जिसके चलते यह हादसा हुआ।
Budaun Rape: बदायूं में 30 साल के दरिंदे ने मासूमियत को रौंदा, रक्षक ही बना भक्षक
ग्रामीणों के मुताबिक, जैसे ही हादसा हुआ, आरोपी संविदा लाइनमैन यशवीर मौके से फरार हो गया। इससे ग्रामीणों का गुस्सा और बढ़ गया। देखते ही देखते सैकड़ों लोग घटनास्थल पर इकट्ठा हो गए और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी शुरू कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही वजीरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। थाना प्रभारी के अनुसार, परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी लाइनमैन की तलाश शुरू कर दी गई है।
इस हादसे ने एक बार फिर बिजली विभाग की कार्यशैली पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि संविदा कर्मियों से बिना उचित प्रशिक्षण और सुरक्षा उपकरणों के खतरनाक काम कराए जाते हैं। इससे पहले भी बिसौली-बदायूं क्षेत्र में करंट से मौत के मामले सामने आ चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद हालात में कोई सुधार नहीं हुआ।
Location : Badaun
Published : 17 April 2026, 2:52 PM IST