“न्याय नहीं मिला तो आत्मदाह कर लूंगी…” महिला सभासद का वीडियो वायरल, लगाए गंभीर आरोप

एक महिला जनप्रतिनिधि ने खुले मंच से ऐसे आरोप लगाए हैं। खुद को असुरक्षित बताते हुए उन्होंने सरकार और जनप्रतिनिधियों से न्याय की गुहार लगाई है। आखिर ऐसा क्या हुआ कि एक निर्वाचित महिला सभासद ने आत्मदाह तक की चेतावनी दे डाली?

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 6 June 2026, 6:36 PM IST

Deoria: नगर के रामगुलाम टोला वार्ड नंबर 12 की महिला सभासद का एक भावुक बयान और वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है। सभासद ने अपने साथ कथित अभद्रता और मारपीट की घटना का आरोप लगाते हुए प्रदेश सरकार, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से न्याय की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर उन्हें न्याय नहीं मिला तो वह आत्मदाह जैसा कदम उठाने को मजबूर हो सकती हैं।

तीन दिन से चल रही थी समस्या

सभासद के अनुसार, उनके वार्ड में पिछले तीन दिनों से स्ट्रीट लाइट खराब थी, जिसे ठीक कराने के लिए वह लगातार प्रयास कर रही थीं। उनका कहना है कि बिजली व्यवस्था बहाल होने के बाद वह अपने पति के साथ क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट का निरीक्षण करने पहुंची थीं। इसी दौरान कुछ लोगों के साथ कहासुनी शुरू हो गई। सभासद का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया और उनके पति के साथ मारपीट की गई। उन्होंने दावा किया कि घटना के समय कई लोग मौके पर मौजूद थे।

देवरिया में अचानक सड़क पर उतरे डीआईजी, बाजारों और चौराहों पर क्या देखा कि बढ़ गई पुलिस की सक्रियता

"महिलाओं के सम्मान की बात होती है, लेकिन..."

सभासद ने अपने बयान में कहा कि वह पिछले तीन वर्षों से निस्वार्थ भाव से जनता की सेवा कर रही हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सरकार महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा की बात करती है, तो एक निर्वाचित महिला जनप्रतिनिधि के साथ कथित रूप से ऐसा व्यवहार क्यों किया गया। उन्होंने कहा कि एक महिला होने के नाते वह खुद को आहत और असुरक्षित महसूस कर रही हैं। उनका आरोप है कि राजनीतिक कारणों से उन्हें निशाना बनाया जा रहा है।

मैनपुरी में करंट से युवक की मौत, बचाने पहुंचे तीन ग्रामीण झुलसे; परिजनों ने लगाया ये आरोप

विधायक, सांसद और सरकार से लगाई गुहार

भावुक होते हुए सभासद ने प्रदेश सरकार, स्थानीय विधायक और सांसद से न्याय दिलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि अगर समय रहते उचित कार्रवाई नहीं हुई तो वह बड़ा कदम उठाने पर मजबूर हो सकती हैं। वहीं घटना के संबंध में दूसरे पक्ष की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं प्रशासन की ओर से भी अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

Location :  Deoria

Published :  6 June 2026, 6:36 PM IST