
महिला की खोजबीन जारी (Img: Dynamite News)
Vikasnagar: विकासनगर से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां एक महिला अपनी दो मासूम बच्चियों के साथ शक्ति नहर में कूद गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। हालांकि मौके पर मौजूद स्थानीय युवकों की बहादुरी और सूझबूझ से दोनों बच्चियों की जान बचा ली गई, लेकिन महिला का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
घटना डॉक्टरगंज पुल नंबर एक के पास की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अचानक नहर की ओर से चीख-पुकार सुनाई दी। आसपास मौजूद युवकों ने बिना समय गंवाए नहर में छलांग लगाई और दोनों बच्चियों को बाहर निकाल लिया। उस समय बच्चियां बेहोश थीं और उनकी हालत बेहद गंभीर बताई जा रही थी।
बताया जा रहा है कि युवकों ने बच्चियों को बाहर निकालने के बाद उनके पेट से पानी निकाला और तुरंत अस्पताल पहुंचाया। दोनों बच्चियों को इलाज के लिए लेमन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने समय रहते उपचार शुरू किया। फिलहाल दोनों बच्चियां खतरे से बाहर बताई जा रही हैं। घटना के बाद इलाके के लोग स्थानीय युवकों की बहादुरी की जमकर सराहना कर रहे हैं। अगर समय रहते मदद नहीं मिलती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
सुहागरात से पहले टूटा दूल्हे का सपना! शादी के अगले ही दिन दुल्हन ने किया ऐसा कांड, उड़ गए होश
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंच गई। नहर में महिला की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है। पुलिस आसपास के इलाकों में भी जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार महिला की पहचान 28 वर्षीय किरण चंदेल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वर्ष 2020 में उन्होंने विकासनगर मंडी चौक निवासी धीरज चंदेल से लव मैरिज की थी।
प्राथमिक जांच में घरेलू विवाद और पारिवारिक तनाव की आशंका जताई जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार अंदेशा है कि पारिवारिक कलह के चलते महिला ने यह कदम उठाया। हालांकि पुलिस अभी हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। महिला के साथ नहर में कूदी बच्चियों में एक की उम्र करीब तीन वर्ष बताई जा रही है, जबकि दूसरी बच्ची महज तीन महीने की है। घटना के बाद परिवार और आसपास के लोग सदमे में हैं।
घटना के बाद विकासनगर इलाके में शोक और चिंता का माहौल है। स्थानीय लोग लगातार महिला के सुरक्षित मिलने की दुआ कर रहे हैं। वहीं पुलिस और SDRF की टीम देर रात तक रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी रही।
Location : Vikas Nagar
Published : 17 May 2026, 10:38 AM IST