वाराणसी: OLX पर AC बेचने के नाम पर 1.25 करोड़ की ठगी, 73 FIR वाले साइबर ठग को पुलिस ने किया गिरफ्तार

वाराणसी में साइबर सेल ने OLX पर एसी व अन्य सामान बेचने के नाम पर ठगी करने वाले आंध्र प्रदेश के आरोपी जलादी नागराजू को गिरफ्तार किया। आरोपी पर 73 एफआईआर दर्ज हैं और वह करीब 1.25 करोड़ की ठगी कर चुका है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 16 May 2026, 10:28 AM IST

Varanasi News: वाराणसी में साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर सेल की प्रतिबिंब टीम ने ऐसे शातिर ठग को गिरफ्तार किया है, जो ऑनलाइन प्लेटफॉर्म OLX पर एसी और अन्य सामान बेचने का झांसा देकर लोगों से ठगी करता था। आरोपी पर देशभर में 73 एफआईआर दर्ज हैं और वह अब तक करीब 1.25 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी कर चुका है।

होटल से हुई गिरफ्तारी, लंबे समय से था फरार

पुलिस के अनुसार आरोपी को वाराणसी के सिगरा स्थित होटल प्लाजा इन से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आंध्र प्रदेश के गुंटूर जिले के चेब्रोलु मंडल स्थित नरकोडुर निवासी जलादी नागराजू के रूप में हुई है। कोर्ट ने उसे पेशी के बाद जेल भेज दिया है।

OLX पर फर्जी विज्ञापन से करता था ठगी

एसीपी साइबर विदुष सक्सेना के मुताबिक आरोपी OLX और अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर फर्जी विज्ञापन पोस्ट करता था। वह एसी, इलेक्ट्रॉनिक सामान और अन्य प्रोडक्ट कम कीमत पर बेचने का झांसा देता था। ग्राहक जैसे ही पैसे ट्रांसफर करते थे, आरोपी तुरंत उनका नंबर ब्लॉक कर देता था।

पहचान छिपाने के लिए इस्तेमाल करता था तकनीक

जांच में सामने आया कि आरोपी अपनी पहचान छिपाने के लिए कई मोबाइल नंबर, सिम कार्ड और आईएमईआई नंबरों का इस्तेमाल करता था। वह गेमिंग और बेटिंग प्लेटफॉर्म से प्राप्त क्यूआर कोड के जरिए भुगतान लेता था, ताकि बैंक खातों का सीधा पता न चल सके।

चमचमाते कैंपस, लाखों की फीस… लेकिन हॉस्टल और खाने पर क्यों भड़क रहे छात्र? यूपी की प्राइवेट यूनिवर्सिटीज पर बड़े सवाल

देशभर में दर्ज हैं 73 मामले

साइबर सेल प्रभारी मनोज कुमार तिवारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विभिन्न राज्यों में कुल 73 साइबर ठगी के मामले दर्ज हैं। वह वर्ष 2015 से लगातार इस तरह की वारदातों को अंजाम दे रहा था और अलग-अलग शहरों में घूमकर होटलों में ठहरते हुए ठगी करता था।

कन्नौज में भंडारे का प्रसाद कैसे बना बीमारियों की वजह, 62 लोग एक साथ पड़े बीमार; जांच में क्या सच सामने आया?

मोबाइल से मिले अहम सुराग

पुलिस को आरोपी के मोबाइल फोन से कई अहम डिजिटल सबूत मिले हैं। जांच में डिजिटल अरेस्ट और अन्य ऑनलाइन धोखाधड़ी से जुड़ी शिकायतों की भी जानकारी सामने आई है, जिसकी विस्तृत जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हुई है।

Location :  Varanasi

Published :  16 May 2026, 10:28 AM IST