
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र का मामला (Img: Pinterest)
Varanasi: वाराणसी के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब बिहड़ा गांव के पास हाईवे के दक्षिण नहर किनारे बनी सड़क पर एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला। राहगीरों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से मृतक की पहचान कराने का प्रयास शुरू किया।
कुछ देर बाद बिहड़ा गांव निवासी गीता देवी मौके पर पहुंचीं और शव की पहचान अपने भाई जग्गू (40) पुत्र नंदा, निवासी गौर गांव, मिर्जामुराद के रूप में की। भाई का शव देखकर बहन बदहवास हो गई। उन्होंने मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई और पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की।
घटनास्थल पर मौजूद लोगों के अनुसार शव के पास कई जगह खून के निशान मिले। मृतक के सिर और सीने पर गंभीर चोट के निशान भी थे। इन हालातों ने हत्या की आशंका को और गहरा दिया है। सूचना पर फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए।
मृतक की बहन गीता देवी ने बताया कि जग्गू ने करीब पांच महीने पहले बिहड़ा गांव निवासी सचानू की दिव्यांग बेटी विमला से परिवार की इच्छा के खिलाफ शादी की थी। शादी के बाद जग्गू अक्सर अपनी ससुराल आता-जाता था, लेकिन परिवार में विरोध के चलते वह अपने घर कम आता था।
गीता देवी का आरोप है कि उनके भाई की मौत सामान्य नहीं है। शरीर पर चोटों के निशान और मौके पर खून मिलने से उन्हें शक है कि जग्गू की हत्या की गई है। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की गहराई से जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
भिवानी में मासूम की दर्दनाक मौत: भाई की स्कूल टाई पहनने के चक्कर में लगा फंदा, पसरा मातम
परिजनों के अनुसार जग्गू रोहनिया क्षेत्र के एक ढाबे पर कर्मचारी के रूप में काम करता था। ग्रामीणों ने बताया कि शनिवार शाम उसे गौर गांव में घूमते हुए देखा गया था। बताया गया कि उसकी पहले भी शादी हुई थी, लेकिन उससे कोई संतान नहीं थी।
शादी में जाने निकली महिला फिर लौटी उसकी लाश… सरयू नहर में मगरमच्छ के जबड़े में मिला शव
घटना की सूचना पर एसीपी राजातालाब और मिर्जामुराद थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
Location : Varanasi
Published : 5 July 2026, 1:12 PM IST
Topics : Murder Suspicion up crime Varanasi News