Vaibhav Murder Case: हत्याकांड पर फूटा ऐसा गुस्सा कि हजारों लोग पहुंच गए थाने, डेढ़ घंटे तक जाम रहा गोरखपुर-खजनी मार्ग

वैभव हत्याकांड के बाद खजनी में लोगों का गुस्सा इस कदर फूट पड़ा कि हजारों लोग थाने पहुंच गए और मुख्य सड़क पर जाम लग गया। प्रदर्शन के दौरान कई बड़ी मांगें उठीं, जबकि पुलिस और प्रशासन को हालात संभालने के लिए मैदान में उतरना पड़ा।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 28 July 2026, 7:28 PM IST

Gorakhpur: खजनी कस्बे के चर्चित वैभव हत्याकांड की सूचना फैलते ही मंगलवार को पूरा क्षेत्र आक्रोश से उबल पड़ा। हजारों की संख्या में महिला-पुरुष खजनी थाने पर पहुंच गए और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों को जनता के हवाले करने और उनके मकानों पर बुलडोजर चलाने की मांग उठाई। देखते ही देखते माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया और सुरक्षा व्यवस्था के लिए भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।

मुख्य मार्ग पर लगा रहा जाम

जनाक्रोश के बीच गोरखपुर-खजनी मुख्य मार्ग करीब डेढ़ घंटे तक जाम रहा। सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। स्थानीय लोगों का कहना था कि मासूम वैभव की निर्मम हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है और दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई होनी चाहिए।

ये भी पढ़ें- Murder in Gorakhpur: गोरखपुर में नाबालिग वैभव वर्मा की हत्या, तहखाने से मिला शव; खजनी में भारी तनाव, पुलिस बल तैनात

मौके पर पहुंची पुलिस

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसपी साउथ ने स्वयं लोगों के बीच बैठकर माइक के माध्यम से उन्हें संबोधित किया। उन्होंने आश्वस्त किया कि मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा तथा कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि आवश्यक कानूनी और कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शासन के नियमों के अनुरूप आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें- Crime in Gorakhpur: नाबालिग वैभव वर्मा की हत्या के विरोध में खजनी-गोरखपुर मार्ग जाम; सड़कों पर उतरे लोग, आक्रोश के बीच भारी तनाव

एसपी साउथ के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारी धीरे-धीरे शांत हुए और जाम समाप्त कराया गया। इसके बाद पुलिस ने यातायात को सामान्य कराया। हालांकि पूरे कस्बे में गम और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। बाजारों, व्यापारियों और आम नागरिकों के बीच इस घटना को लेकर भारी चर्चा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। वैभव की हत्या ने खजनी ही नहीं, बल्कि पूरे गोरखपुर जनपद के लोगों को झकझोर दिया है। हर कोई दोषियों के खिलाफ त्वरित और कठोर कार्रवाई की मांग कर रहा है।

Location :  Gorakhpur

Published :  28 July 2026, 5:21 PM IST