
प्रतापगढ़ में युवक ने कमरे में लगाई फांसी (Img: Dynamite News)
Pratapgarh: नगर कोतवाली क्षेत्र के पूरे पितई मोहल्ले में बुधवार रात एक 33 वर्षीय युवक ने अपने घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। गुरुवार सुबह करीब 8 बजे जब परिजनों को घटना की जानकारी हुई, तो घर में कोहराम मच गया।
सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारकर घटनास्थल की गहनता से जांच की और जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, पूरे पितई निवासी जावेद अख्तर (33) बुधवार रात अपने कमरे में सोने गया था, जहां उसने अज्ञात कारणों से फंदे से लटककर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। सुबह देर तक जब वह कमरे से बाहर नहीं निकला, तो परिजनों ने अनहोनी की आशंका में भीतर देखा, जहां जावेद का शव फंदे से लटक रहा था।
यह भी पढ़ें - Pratapgarh: नन्ही जान ने जैसे ही दुनिया में ली पहली सांस, बुझ गई मां की आंखें; बिना ममता के रह गई नवजात
मृतक जावेद की मां हसीना बानो ने पुलिस को इस संबंध में लिखित आवेदन (तहरीर) दिया है। तहरीर में मां ने बताया कि उनके बेटे का पिछले करीब दो साल से एक लड़की के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद या तनाव के चलते जावेद ने यह आत्मघाती कदम उठाया। हालांकि, आत्महत्या की वास्तविक और पुख्ता वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस परिजनों के बयानों और कॉल डिटेल्स के आधार पर मामले की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।
परिजनों ने बताया कि जावेद अख्तर दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। उसकी बहन की शादी हो चुकी है, जबकि बड़ा भाई कपड़े की सिलाई का काम करता है। करीब एक साल पहले ही जावेद के पिता का इंतकाल हुआ था। पिता की मौत के गम से परिवार अभी उबर भी नहीं पाया था कि घर के सबसे छोटे बेटे की मौत से मां और भाई का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे मोहल्ले में इस घटना से शोक की लहर है।
यह भी पढ़ें - Pratapgarh: धान के खेत में पड़ा मिला रहस्यमयी ड्रोन, किसान की नजर पड़ी तो मच गया हड़कंप; जांच में जुटी पुलिस
मामले की जानकारी देते हुए सीओ सिटी आशुतोष मिश्रा ने बताया कि युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। परिजनों की ओर से मिले आवेदन के आधार पर मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की वैधानिक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Location : Pratapgarh
Published : 24 September 2026, 1:03 PM IST