चोरी के माल बंटवारे के दौरान पुलिस की घेराबंदी, रायबरेली में सर्राफा चोरी गिरोह का सनसनीखेज खुलासा

रायबरेली के मिलएरिया थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में सर्राफा चोरी गिरोह का भंडाफोड़ हुआ। जवाबी फायरिंग में दो बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जबकि तीन अन्य को गिरफ्तार कर लिया गया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 7 August 2026, 11:52 AM IST

Raebareli: रायबरेली में पुलिस और बदमाशों के बीच देर रात हुई मुठभेड़ में ज्वेलर्स चोरी गिरोह का बड़ा खुलासा हुआ है। मिलएरिया थाना पुलिस और एसओजी/सर्विलांस टीम ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनमें दो आरोपी पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हो गए। घायलों को सीएचसी अमावा ले जाया गया जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने मौके पर की घेराबंदी 

पुलिस के अनुसार उसे सूचना मिली कि देर रात मिलएरिया थाना क्षेत्र के लोनियन का पुरवा गांव स्थित शारदा नहर पुल के पास कुछ बदमाश चोरी के माल का बंटवारा कर रहे हैं और नई चोरी की योजना बना रहे हैं। पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि तीन अन्य को घेरकर गिरफ्तार कर लिया गया।

ये भी पढ़ें - टोका तो आ गया गुस्सा… फिर कुल्हाड़ी उठाई और खत्म कर दिया सब, झकझोर देगी रायबरेली की ये कहानी

आरोपी की तलाश जारी

आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, कारतूस, एक स्विफ्ट डिजायर कार और 12.80 किलोग्राम चांदी के आभूषण बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक यह बरामदगी मिलएरिया के तकिया चौराहा स्थित ज्वेलर्स दुकानों और अमेठी के मोहनगंज क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं से जुड़ी है। एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ में कोई पुलिसकर्मी घायल नहीं हुआ और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

ये भी पढ़ें - सरकारी धन में गड़बड़ी का आरोप, रायबरेली में अंत्येष्टि स्थल निर्माण की होगी जांच

Location :  Raebareli

Published :  7 August 2026, 11:52 AM IST