दिल्ली से जौनपुर जा रहे परिवार पर टूटा कहर… गंगा एक्सप्रेसवे पर एक टक्कर ने उजाड़ दी खुशियां

रायबरेली के सलोन थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर दिल्ली से जौनपुर जा रही स्कॉर्पियो सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। हादसे में दो महिलाओं और एक किशोरी की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हैं। सभी घायलों का इलाज एम्स रायबरेली में जारी है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 27 May 2026, 1:54 PM IST

Raebareli: रायबरेली में गंगा एक्सप्रेसवे पर मंगलवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। दिल्ली से जौनपुर जा रही तेज रफ्तार एसयूवी सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई, जिससे मौके पर ही दो महिलाओं और एक किशोरी की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

कैसे हुआ हादसा

यह दर्दनाक हादसा रायबरेली के सलोन थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर रसूलपुर गांव के पास हुआ। बताया जा रहा है कि परिवार दिल्ली से जौनपुर जा रहा था। देर रात करीब 9 बजे उनकी स्कॉर्पियो गाड़ी अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एसयूवी का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों की भीड़ जुट गई।

भीषण गर्मी में बिजली संकट से उबल पड़ा रायबरेली, 7 दिन में सुधार नहीं तो बड़ा आंदोलन

तीन लोगों की मौके पर मौत

हादसे में दो महिलाओं सरोज सिंह और संगीता सिंह के साथ किशोरी समृद्धि की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतकों के शवों को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

एम्स रायबरेली में इलाज जारी

हादसे में एसयूवी सवार पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को पहले प्रतापगढ़ जिले की सीएचसी संग्रामगढ़ में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए एम्स रायबरेली रेफर कर दिया गया। फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है और उनकी हालत पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

गंगा एक्सप्रेसवे पर चलते-चलते आग का गोला बनी स्कॉर्पियो, काशी जा रहे परिवार की चीखों से दहला रायबरेली

मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह और क्षेत्राधिकारी सलोन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया।

एएसपी ने क्या बताया

एडिशनल एसपी आलोक सिंह ने बताया कि 26 मई 2026 की रात करीब 9 बजे थाना सलोन क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर दिल्ली से जौनपुर जा रही स्कॉर्पियो सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर से टकरा गई थी। उन्होंने बताया कि घटना में दो महिलाओं और एक बच्ची की मौत हुई है, जबकि पांच अन्य घायल हैं जिनका इलाज एम्स रायबरेली में चल रहा है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Location :  Raebareli

Published :  27 May 2026, 1:54 PM IST