मनीष पांडेय हत्याकांड के बाद बस्ती पुलिस में बड़ा एक्शन, चौकी प्रभारी समेत तीन लाइन हाजिर; थानेदार भी हटाए गए

बस्ती में बढ़ते अपराध के बीच पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल किया गया है। मनीष पांडेय हत्याकांड में लापरवाही के आरोपों पर महसो चौकी प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किया गया है। इसके अलावा लालगंज थाना प्रभारी को भी हटाया गया है। एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने कानून-व्यवस्था मजबूत करने के लिए कई निरीक्षक और पुलिसकर्मियों का तबादला किया है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 26 August 2026, 1:11 PM IST

Basti: बस्ती जिले में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं के बीच पुलिस महकमे में अब कार्रवाई का दौर शुरू हो गया है। मनीष पांडेय हत्याकांड में पुलिस की कथित लापरवाही सामने आने के बाद एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने महसो चौकी प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है। इसके साथ ही अपराध पर अंकुश लगाने और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई थानेदारों और पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारियों में भी बदलाव किया गया है।

मनीष पांडेय हत्याकांड में तीन पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज

महसो चौकी क्षेत्र के इटिया टोला निवासी 25 वर्षीय मनीष पांडेय की रविवार रात हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया था और महसो चौकी पर लोगों ने हंगामा भी किया था। मामले में पुलिस की कार्यशैली को लेकर भी सवाल उठाए गए। राष्ट्रीय बजरंग दल के जिलाध्यक्ष मनमोहन त्रिपाठी ने पुलिसकर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की थी। घटना के बाद सीओ रुधौली अनिल सिंह ने मामले की जांच की। उनकी रिपोर्ट के आधार पर एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने महसो चौकी प्रभारी सुरेश कुमार, हेड कांस्टेबल प्रमोद यादव और कांस्टेबल सतीश कुशवाहा को लाइन हाजिर कर दिया।

बस्ती के बेटे को मिली बड़ी जिम्मेदारी, हरीश द्विवेदी के राष्ट्रीय महामंत्री बनते ही भाजपा कार्यालय में जश्न का माहौल

अंतिम संस्कार को लेकर भी हुआ था विवाद

मनीष पांडेय की हत्या के बाद परिजनों और समर्थकों में पुलिस के खिलाफ नाराजगी देखने को मिली थी। चौकी पर हंगामे के बाद स्थिति को संभालने के लिए पुलिस अधिकारियों को हस्तक्षेप करना पड़ा। बताया गया कि परिजन और समर्थक पुलिस की कार्यशैली को लेकर नाराज थे। सीओ रुधौली के लिखित आश्वासन के बाद अंतिम संस्कार के लिए सहमति बनी। इसके बाद पुलिस प्रशासन ने मामले में लापरवाही के आरोपों की जांच कर कार्रवाई की। एसपी की ओर से तीन पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किए जाने के बाद अब विभागीय स्तर पर भी पुलिसिंग को लेकर सख्ती के संकेत मिल रहे हैं।

बढ़ते क्राइम के बीच कई थानेदार बदले

मनीष पांडेय हत्याकांड के बाद हुई कार्रवाई के साथ ही बस्ती जिले में पुलिस स्थापना बोर्ड की ओर से बड़े स्तर पर तबादले किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह और जनपदीय पुलिस स्थापना बोर्ड ने 08 निरीक्षक, 03 उपनिरीक्षक, 06 मुख्य आरक्षी और 04 आरक्षियों का स्थानांतरण किया है।

पहले कहासुनी, फिर मारपीट और मौत… बस्ती में गोबर फेंकने के विवाद ने लिया खौफनाक मोड़

लालगंज थाना प्रभारी विनय पाठक लाइन हाजिर

तबादला सूची में लालगंज थाना प्रभारी विनय पाठक का नाम भी शामिल है। उन्हें लाइन हाजिर किया गया है। उनकी जगह दिनेश चंद चौधरी को लालगंज का नया थाना प्रभारी बनाया गया है। लालगंज थाने के सामने अब इलाके में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की चुनौती होगी। नए थाना प्रभारी के सामने अपराधियों पर शिकंजा कसने के साथ ही क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता बढ़ाना भी अहम जिम्मेदारी होगी।

परशुरामपुर और मुंडेरवा में भी बदली जिम्मेदारी

पुलिस प्रशासन ने परशुरामपुर और मुंडेरवा थानों में भी अधिकारियों की जिम्मेदारी बदली है। परशुरामपुर के थाना प्रभारी रहे विश्वमोहन राय को हटाकर मुंडेरवा थाने की कमान सौंपी गई है। वहीं प्रदीप सिंह को परशुरामपुर थाने का नया थाना प्रभारी बनाया गया है। अधिकारियों के तबादले के साथ संबंधित थानों में अब नई टीम के साथ अपराध नियंत्रण की जिम्मेदारी होगी।

Location :  Basti

Published :  26 August 2026, 1:11 PM IST