मां-बेटी की हत्या से दहला बलिया, घर में वारदात के बाद शव खेत में फेंका; पुलिस के सामने कई सवाल

बलिया के रसड़ा थाना क्षेत्र के सराय भारती गांव में मां-बेटी की हत्या से सनसनी फैल गई। 65 वर्षीय महिला का शव घर में जबकि उसकी दिव्यांग बेटी का शव घर से करीब 25-30 मीटर दूर धान के खेत में मिला। पुलिस को घर में खून के निशान और उन्हें साफ किए जाने के संकेत मिले हैं। मामले की जांच में कई टीमें जुटी हैं।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 17 September 2026, 3:29 PM IST

Ballia: रसड़ा थाना क्षेत्र के सराय भारती (मुस्तफाबाद) गांव में गुरुवार सुबह मां-बेटी की हत्या की खबर से सनसनी फैल गई। 65 वर्षीय महिला और उसकी करीब 22 वर्षीय दिव्यांग बेटी के शव अलग-अलग जगहों से मिलने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। शुरुआती जांच में दोनों के सिर पर किसी भारी वस्तु से हमला किए जाने के निशान मिले हैं। पुलिस को घर के अंदर खून के निशान भी मिले, जिन्हें साफ करने की कोशिश किए जाने की आशंका है। घटना की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड, एफएसएल और स्वाट-सर्विलांस की टीमों को जांच में लगाया गया है।

चौकीदार की सूचना से मचा हड़कंप

पुलिस के मुताबिक, गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे गांव के चौकीदार ने फोन कर सराय भारती गांव में दो शव पड़े होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही रसड़ा पुलिस मौके पर पहुंची। मृतकों की पहचान मानती गुप्ता (65) और उनकी करीब 22 वर्षीय बेटी गौरी के रूप में हुई। गौरी दिव्यांग होने के साथ दृष्टिबाधित भी बताई जा रही हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने घर और आसपास के इलाके की जांच शुरू की।

घर के अंदर खून के निशान

जांच के दौरान पुलिस को घर के अंदर ऐसे स्थान मिले, जहां खून के निशान होने की बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, इन स्थानों पर धुलाई किए जाने के संकेत मिले हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि हत्या के बाद घटना से जुड़े साक्ष्यों को मिटाने की कोशिश की गई। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि घर की सफाई कब और किसने की।

Crime in UP: 25 हजार का इनामी और पुलिस की रडार पर फरार कातिल! बलिया हत्याकांड का मुख्य आरोपी कहां हुआ गायब?

घर से दूर खेत में मिला बेटी का शव

घटना की जांच में एक अहम बात यह सामने आई कि मां और बेटी के शव एक ही जगह नहीं मिले। पुलिस के मुताबिक, घर के पास बनी छोटी बाउंड्री के दूसरी तरफ एक चारपाई पड़ी मिली। वहीं, गौरी का शव घर के पीछे स्थित धान के खेत में करीब 25 से 30 मीटर दूर किनारे पर पड़ा मिला। प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस को आशंका है कि वारदात घर के अंदर हुई और इसके बाद गौरी के शव को बाहर ले जाकर खेत में फेंका गया।

परिवार में रहते थे तीन लोग

बताया गया कि घर में रामचीज गुप्ता (70), उनकी पत्नी मानती गुप्ता (65) और उनकी दिव्यांग बेटी गौरी रहती थीं। घटना के बाद पुलिस ने रामचीज गुप्ता से भी पूछताछ की है। पुलिस के अनुसार, परिवार की ओर से किसी व्यक्ति से दुश्मनी या विवाद होने की जानकारी से इनकार किया गया है। इसके बावजूद पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

सुराग दो और पूरे 25 हजार नकद ले जाओ! कानून की आंखों में धूल झोंककर Underground हुआ बलिया का खूंखार शातिर

कई टीमें जांच में जुटीं

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच के लिए कई टीमें लगाई हैं। डॉग स्क्वायड के साथ फॉरेंसिक साइंस लैब यानी एफएसएल की टीम और स्वाट-सर्विलांस टीम भी मौके पर पहुंची। टीमें घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल सकती है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बताया कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि डॉग स्क्वायड, एफएसएल और स्वाट-सर्विलांस समेत कई टीमें साक्ष्य जुटाने में लगी हैं। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह, चोटों की प्रकृति और वारदात से जुड़े अन्य चिकित्सकीय तथ्य और स्पष्ट हो सकेंगे।

Location :  Ballia

Published :  17 September 2026, 3:29 PM IST