Sultanpur: “मरीज की हालत गंभीर है, जल्दी आइए…” अस्पताल के लिए निकले डॉक्टर, रास्ते में मौत ने रोक दिया रास्ता

सुल्तानपुर में मरीज का ऑपरेशन करने दूसरे अस्पताल जा रहे तीन डॉक्टर सड़क हादसे का शिकार हो गए। दरियापुर रेलवे ओवरब्रिज के पास कार रेलिंग से टकरा गई। हादसे में डॉ. अख्तर की मौत हो गई, जबकि डॉ. शैलेंद्र जायसवाल और डॉ. राशिद गंभीर रूप से घायल हैं।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 25 August 2026, 8:42 AM IST

Sultanpur: मरीज की जान बचाने के लिए देर रात एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल जा रहे तीन डॉक्टर खुद दर्दनाक सड़क हादसे का शिकार हो गए। अयोध्या-प्रयागराज हाईवे पर दरियापुर रेलवे ओवरब्रिज के पास सोमवार रात करीब 11 से 11:30 बजे के बीच तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग से जा टकराई। हादसे में कार चला रहे गभड़िया निवासी डॉ. अख्तर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, प्रसिद्ध सर्जन डॉ. शैलेंद्र जायसवाल और डॉ. राशिद गंभीर रूप से घायल हो गए।

एक मरीज का ऑपरेशन करने के बाद दूसरे अस्पताल जा रहे थे डॉक्टर

बताया जा रहा है कि तीनों डॉक्टर अमहट स्थित एक निजी नर्सिंग होम में एक मरीज का ऑपरेशन करने के बाद दरियापुर स्थित ममता हॉस्पिटल के लिए रवाना हुए थे। वहां एक अन्य गंभीर मरीज का ऑपरेशन किया जाना था। मरीज की हालत को देखते हुए तीनों डॉक्टर जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचना चाहते थे।

उन्हें शायद अंदाजा नहीं था कि जिस मरीज की जिंदगी बचाने के लिए वे अस्पताल की ओर बढ़ रहे हैं, उसी सफर में एक डॉक्टर की जिंदगी हमेशा के लिए खत्म हो जाएगी।

ओवरटेक करते समय अनियंत्रित हुई कार

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, प्रयागराज-अयोध्या मार्ग पर दरियापुर रेलवे ओवरब्रिज के पास कार को ओवरटेक करने के दौरान वाहन अनियंत्रित हो गया। इसके बाद कार तेज टक्कर के साथ रेलवे ओवरब्रिज की रेलिंग से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार चला रहे डॉ. अख्तर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास मौजूद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।

‘मैं तुमसे प्यार करता हूं, शादी भी तुम्हीं से करूंगा’… शारीरिक संबंध बनाने के बाद सामने आया ऐसा सच, पैरों तले खिसकी जमीन

दो डॉक्टर गंभीर रूप से घायल

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों घायल डॉक्टरों डॉ. शैलेंद्र जायसवाल और डॉ. राशिद को तत्काल उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। दोनों का इलाज जारी है और उनकी हालत पर चिकित्सकों की नजर बनी हुई है।

अगले 48 घंटे भारी! यूपी में मानसून का तूफानी कमबैक, नोएडा से लखनऊ तक झमाझम बारिश से सराबोर हुआ शहर

चिकित्सा जगत में दौड़ी शोक की लहर

इस दर्दनाक हादसे की खबर सामने आते ही सुल्तानपुर के चिकित्सा जगत में शोक की लहर दौड़ गई। साथी डॉक्टरों और परिचितों ने डॉ. अख्तर के निधन पर गहरा दुख जताया। यह हादसा इसलिए भी बेहद मार्मिक है क्योंकि तीनों डॉक्टर एक गंभीर मरीज की जान बचाने के लिए देर रात अस्पताल जा रहे थे। दूसरों की जिंदगी बचाने के लिए निकले डॉक्टरों में से एक की जिंदगी रास्ते में ही थम गई, जबकि दो डॉक्टर खुद अस्पताल पहुंच गए।

पुलिस ने मृतक डॉक्टर के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है।

Location :  Sultanpur

Published :  25 August 2026, 8:42 AM IST