सुल्तानपुर में शिक्षक दंपती की हत्या से मचा हड़कंप, शिक्षक संघ में उबाल; अब आंदोलन की चेतावनी

सुल्तानपुर के कादीपुर क्षेत्र के कुंभी दरिया गांव में शिक्षक दंपती मुकेश सिंह और उनकी पत्नी की हत्या के बाद शिक्षक संगठनों में आक्रोश है। शिक्षक नेताओं ने पुलिस से जल्द हत्याकांड का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं, कार्रवाई में देरी होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी गई है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 29 September 2026, 5:02 PM IST

Sultanpur: कादीपुर क्षेत्र के कुंभी दरिया गांव में शिक्षक दंपती मुकेश सिंह और उनकी पत्नी की धारदार हथियार से हत्या के बाद शिक्षक संगठनों में भारी आक्रोश है। घटना को लेकर शिक्षकों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द हत्याकांड का खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। शिक्षक नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।

प्राथमिक शिक्षक संघ ने जताया आक्रोश

उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष दिनेश उपाध्याय ने शिक्षक दंपती की हत्या की कड़ी निंदा की। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि हत्याकांड की गंभीरता से जांच करते हुए जल्द आरोपियों तक पहुंचा जाए और उन्हें गिरफ्तार किया जाए। दिनेश उपाध्याय के मुताबिक, मृतक मुकेश सिंह मोतिगरपुर ब्लॉक में प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष पद पर कार्यरत थे। उनकी पत्नी अपने पैतृक गांव कुंभी दरिया में निजी स्कूल का संचालन करती थीं।

सुल्तानपुर में स्कूल परिसर में डबल मर्डर, प्रधानाध्यापक और पत्नी की हत्या से मचा हड़कंप

धारदार हथियार से हत्या पर शिक्षकों में गुस्सा

दूसरे संगठन उत्तरप्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष दिलीप पांडे ने भी घटना पर गहरा आक्रोश जताया। उन्होंने कहा कि जिस तरह शिक्षक दंपती की धारदार हथियार से हत्या की गई, उससे शिक्षक समुदाय में भारी नाराजगी है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले का जल्द खुलासा करने और दोषियों को गिरफ्तार कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। शिक्षक नेताओं का कहना है कि घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को सभी पहलुओं पर जांच आगे बढ़ानी चाहिए।

जल्द खुलासा नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी

फ्री स्मार्टफोन, डेटा रिचार्ज और स्वास्थ्य बीमा की गुहार: सुल्तानपुर में बैंक सखियों ने डीएम को सौंपा मांग-पत्र

लंभुआ विकासखंड के शिक्षक संघ अध्यक्ष रणवीर सिंह ने भी हत्याकांड को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि शिक्षक परिवार को न्याय मिलना चाहिए और घटना में शामिल आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी होनी चाहिए। रणवीर सिंह ने चेतावनी दी कि यदि हत्याकांड का जल्द खुलासा नहीं हुआ और शिक्षक परिवार को न्याय नहीं मिला तो शिक्षक सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होंगे। शिक्षक संगठनों ने पुलिस प्रशासन से मामले में तेजी से कार्रवाई की मांग की है।

Location :  Sultanpur

Published :  29 September 2026, 5:02 PM IST