
स्कूल में बजरंग दल का हंगामा (IMG: Dynamite News)
Kasganj: उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले के सोरों स्थित संत तुलसीदास म्युनिसिपल इंटर कॉलेज में कक्षा 9 के छात्रों के 'जय श्रीराम' बोलने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। छात्रों ने आरोप लगाया कि शिक्षक जनार्दन राम ने उन्हें 'जय राम' और 'जय श्रीराम' बोलने पर फटकार लगाई। शिकायत के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ता कॉलेज पहुंच गए और धरने पर बैठकर शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस दौरान कॉलेज परिसर में 'जय श्रीराम' के नारे भी लगाए गए।
छात्रों का आरोप है कि कक्षा में 'जय राम' और 'जय श्रीराम' बोलने पर शिक्षक जनार्दन राम ने उन्हें डांटा। छात्रों ने शिक्षक पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और इतिहास को गलत तरीके से प्रस्तुत करने का भी आरोप लगाया। छात्रों की ओर से की गई शिकायत के बाद मामला कॉलेज परिसर से बाहर निकलकर संगठन तक पहुंचा। इसके बाद बजरंग दल के कार्यकर्ता कॉलेज पहुंचे और कार्रवाई की मांग को लेकर धरना दिया।
कासगंज में कृषि विभाग का छापा, 3 खाद विक्रेताओं के लाइसेंस निलंबित, कई को नोटिस जारी
वहीं, आरोपों के बीच शिक्षक जनार्दन राम ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि वह कक्षा में बच्चों को एक कहानी और उदाहरण के जरिए समझा रहे थे। उनके अनुसार, उन्होंने अलग-अलग धर्मों में मान्यताओं के स्वरूप का उदाहरण दिया था। शिक्षक ने बताया कि इसी संदर्भ में उन्होंने बच्चों से एक सामान्य सवाल किया था। उनका कहना है कि कक्षा में कही गई बात को उसके संदर्भ से अलग करके देखा गया और गलत अर्थ निकाला गया।
मामले की जानकारी मिलने के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ता कॉलेज पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने छात्रों के साथ धरना दिया और शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। संगठन के जिला संयोजक गोविंद महेरे ने कहा कि धार्मिक भावनाओं से जुड़े मामले में निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोष पाए जाने पर कार्रवाई की जानी चाहिए। धरने के दौरान कॉलेज परिसर में 'जय श्रीराम' के नारे भी लगाए गए। प्रदर्शन में निखिल निर्भय, पीयूष शंकर महेरे, सुधांशु भारद्वाज, सिद्धांत गुप्ता, अर्जुन राम लोटा और यश महेरे समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
‘राम मंदिर के चढ़ावे पर डकैती’, कासगंज में अखिलेश यादव ने भाजपा को जानिये कैसे घेरा
विवाद बढ़ने के बाद डीआईओएस रजनेश कुमार ने शिक्षक को नोटिस जारी किया है। उन्हें तीन दिन के भीतर अपना लिखित स्पष्टीकरण देने को कहा गया है। डीआईओएस के मुताबिक, शिक्षक का जवाब मिलने के बाद मामले की जांच की जाएगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।
Location : Kasganj
Published : 19 September 2026, 4:22 PM IST