सीतापुर में बंटी-बबली का भंडाफोड़: फर्जी बैंक मैनेजर और महिला आयकर अफसर बनकर की 27 लाख की ठगी

सीतापुर में फर्जी बैंक मैनेजर और आयकर निरीक्षक बनकर 27 लाख रुपये की ठगी करने वाले दंपती को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से 14 लाख कैश, सोने के जेवर और फर्जी आईडी कार्ड बरामद हुए हैं।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 1 October 2026, 3:43 PM IST

Sitapur: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में फर्जी पहचान बनाकर लोगों को चूना लगाने वाले एक शातिर ठग दंपती के काले कारनामों का कोतवाली नगर पुलिस और स्वाट (SWAT) टीम ने पर्दाफाश कर दिया है।

खुद को पंजाब नेशनल बैंक का मैनेजर और पत्नी को वित्त मंत्रालय में इनकम टैक्स इंस्पेक्टर बताकर लोगों से 27 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 14 लाख रुपये नकद, लगभग 6 लाख रुपये के सोने के आभूषण, फर्जी पहचान पत्र और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

किराएदार बनकर जमाया कब्जा, फिर बुना ठगी का मायाजाल

पुलिस के मुताबिक, आरोपी रोहित बाजपेयी और उसकी पत्नी अनु बाजपेयी मई 2026 में सीतापुर पहुंचे थे। इसके बाद दोनों ने 31 अगस्त को शहर के प्रेमनगर इलाके में रामनरेश जायसवाल के मकान में कमरा किराए पर लिया।

सीतापुर: मेडिकल स्टोर पर इंजेक्शन लगते ही अधेड़ की मौत, परिजनों का फूटा गुस्सा और किया हंगामा

रोहित ने खुद को PNB की मिश्रिख शाखा का प्रबंधक और पत्नी अनु ने आयकर विभाग में बड़ा अफसर बताया। अपने जाल में फंसाने के लिए दोनों ने फर्जी पहचान पत्र भी दिखाए, जिससे स्थानीय लोग उन पर आसानी से भरोसा कर बैठे।

14 लाख कैश और गहने भी जब्त

सस्ता सोना और नोट बदलने के नाम पर ऐंठे 27 लाख रुपये

रसूख और सरकारी पद का रौब दिखाकर दंपती ने मकान मालिक रामनरेश को सरकारी नीलामी में बहुत सस्ता सोना दिलाने और कटे-फटे नोट बदलने का झांसा दिया। इस झांसे में आकर रामनरेश ने उन्हें 22 लाख रुपये दे दिए।

इसके अलावा, दंपती ने प्रेमलता बाजपेयी के जरिए एक व्यक्ति से 1 लाख रुपये और लॉन्ड्री संचालक अतुल से 4 लाख रुपये ठग लिए। कुल 27 लाख रुपये की भारी रकम समेटने के बाद दोनों 14 सितंबर को चुपचाप कार से फरार हो गए थे।

सीतापुर में बारिश का कहर: 7 मौतें और 108 मकान क्षतिग्रस्त, प्रभारी मंत्री मंत्री मनोज पांडे ने राहत कार्यों का लिया जायजा

5 राज्यों में फैला था नेटवर्क, 2005 से दे रहे थे वारदातों को अंजाम

पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए स्वीकार किया कि वे वर्ष 2005 से ही इसी तरह फर्जी अफसर बनकर लोगों से धोखाधड़ी करते आ रहे हैं। एसपी अंकुर अग्रवाल ने बताया कि उत्तर प्रदेश के अलावा मध्य प्रदेश, ओडिशा, राजस्थान और बिहार समेत कई राज्यों में इस दंपती के खिलाफ मुकदमे दर्ज हैं।

ठगी की रकम से उन्होंने 6 लाख के सोने के जेवर और महंगे फोन खरीदे थे। इस बड़ी कामयाबी के लिए एसपी ने पुलिस और स्वाट टीम को 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

Location :  Sitapur

Published :  1 October 2026, 3:43 PM IST