Pratapgarh News: घर से 200 मीटर दूर मिले पति-पत्नी, दोनों की मौत; जेब से मिले नोट ने खोला राज

प्रतापगढ़ के श्रीकांतपुर गांव में बुधवार शाम एक दंपती ने घर से करीब 200 मीटर दूर पंपसेट पर जहर खा लिया। दोनों को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां पति की मौत हो गई और पत्नी को प्रयागराज रेफर किया गया। रास्ते में उसकी भी मौत हो गई। पुलिस को पति की जेब से सुसाइड नोट मिला है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 9 September 2026, 8:47 PM IST
google-preferred

Pratapgarh: प्रतापगढ़ में बुधवार शाम एक दंपती की मौत से गांव में सनसनी फैल गई। दोनों घर से कुछ दूरी पर स्थित पंपसेट पर पहुंचे थे। कुछ देर बाद ग्रामीणों ने उन्हें गंभीर हालत में देखा तो परिजनों को सूचना दी। आनन-फानन में दोनों को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी जान नहीं बच सकी। पुलिस के मुताबिक, पति की जेब से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें संतान न होने की बात का जिक्र किया गया है।

घटना कोतवाली देहात क्षेत्र के श्रीकांतपुर गांव की है। मृतकों की पहचान गांव निवासी सुभाष चंद्र तिवारी (53) और उनकी पत्नी सपना तिवारी (50) के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पंपसेट पर अचानक बिगड़ी दोनों की हालत

बताया जा रहा है कि बुधवार को सुभाष चंद्र तिवारी और उनकी पत्नी सपना घर से करीब 200 मीटर दूर स्थित पंपिंग सेट पर गए थे। ग्रामीणों के मुताबिक, वहीं दोनों ने जहरीला पदार्थ खा लिया। कुछ ही देर बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक ग्रामीण की नजर सुभाष चंद्र पर पड़ी। उनकी हालत देखकर ग्रामीण ने तत्काल परिवार को सूचना दी।

कौशांबी में 14 मौतों के बाद जागा प्रशासन! प्रतापगढ़ में अवैध पटाखा फैक्ट्री पर छापा, 2650 पटाखे बरामद

पति की जेब से मिला सुसाइड नोट

घटना की जांच के दौरान पुलिस को सुभाष चंद्र तिवारी की जेब से एक सुसाइड नोट मिला। पुलिस के मुताबिक, नोट में दंपती के संतान न होने का जिक्र किया गया है। मृतक के भाई इंद्रमणि तिवारी ने बताया कि शादी के करीब 20 साल बीतने के बाद भी दंपती को संतान नहीं हुई थी। परिवार के मुताबिक, संतान की चाह में दोनों ने इलाज कराया और मन्नतें भी मांगीं, लेकिन उन्हें संतान सुख नहीं मिल सका।

घटना के बाद गांव में पसरा सन्नाटा

एक साथ पति-पत्नी की मौत की खबर जैसे ही गांव में पहुंची, वहां मातम छा गया। जिस परिवार में दोनों लंबे समय से साथ रह रहे थे, वहां अचानक हुई इस घटना से ग्रामीण भी स्तब्ध हैं। पुलिस ने मौके की जांच करने के साथ घटना से जुड़े तथ्यों को जुटाना शुरू कर दिया है। पुलिस यह भी देख रही है कि दंपती पंपसेट तक कब पहुंचे और घटना से पहले उनकी गतिविधियां क्या थीं।

पापा दिल्ली में, मम्मी अब इस दुनिया में नहीं: प्रतापगढ़ में बारिश से बेसमेंट में उतरा करंट, पल भर में उजड़ गई हंसती-खेलती दुनिया

पुलिस ने शुरू की जांच

नगर क्षेत्राधिकारी आशुतोष मिश्र ने बताया कि दंपती ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दी है। मौके से सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें संतान न होने का जिक्र बताया गया है। दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दूसरे तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।

Location :  Pratapgarh

Published :  9 September 2026, 8:47 PM IST

Advertisement