नाबालिग को पेड़ से बांधा, ब्लेड से काटा और डाल दिया मिर्ची पाउडर… प्रयागराज में हैवानियत की हदें पार

प्रयागराज में एक नाबालिग को चोर समझकर पेड़ से बांधने और बेरहमी से पीटने का गंभीर मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि किशोर के शरीर पर ब्लेड और सूजा से वार किए गए और जख्मों पर मिर्च पाउडर डाला गया।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 5 August 2026, 5:59 PM IST
google-preferred

Prayagraj: प्रयागराज में इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक 16 वर्षीय नाबालिग को कथित तौर पर चोर समझकर कुछ युवकों ने पेड़ से बांध दिया और बेरहमी से पीटा। आरोप है कि किशोर के शरीर पर ब्लेड और सूजा जैसी नुकीली चीजों से वार किए गए। इतना ही नहीं, उसके जख्मों पर नमक और मिर्च पाउडर भी डाल दिया गया। दर्द से तड़पते हुए किशोर बेहोश हो गया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

मानसिक बीमारी का इलाज करा रहा था किशोर

मामला सोरांव थाना क्षेत्र के अब्दालपुर खास धरिकार का पूरा गांव का बताया जा रहा है। पीड़ित किशोर की पहचान शिवम के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, शिवम पिछले कुछ महीनों से मानसिक रूप से बीमार है और उसका इलाज चल रहा है। बताया गया कि शनिवार तड़के शिवम अचानक घर से निकलकर नहर की ओर चला गया। इसी दौरान तिल्ली का पूरा गांव के रहने वाले तीन से चार युवकों ने उसे पकड़ लिया। आरोप है कि युवकों ने उसे चोर समझ लिया और बिना सच्चाई जाने पेड़ से बांधकर पीटना शुरू कर दिया।

ये भी पढ़ें- Maharajganj: अब मिलावट पर होगी सीधी कार्रवाई… महराजगंज में आटा-मैदा मिलों पर छापे से मचा हड़कंप, जांच रिपोर्ट खोलेगी राज

जख्मों पर डाला नमक और मिर्च पाउडर

परिजनों का आरोप है कि मारपीट के दौरान शिवम के शरीर पर ब्लेड और सूजा से कई जगह चोट पहुंचाई गई। इसके बाद जख्मों पर नमक और मिर्च पाउडर डाला गया। दर्द और चोट के कारण शिवम की हालत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। किशोर के अचेत होने के बाद आरोपी वहां से चले गए। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और शिवम को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल उसकी हालत पहले से स्थिर बताई जा रही है।

मां ने पुलिस को दी तहरीर

शिवम की मां रेनू देवी ने सोरांव थाने में शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। परिवार का कहना है कि शिवम मानसिक रूप से बीमार है और उसके साथ बिना किसी जांच के बेहद क्रूरता की गई।

ये भी पढ़ें- ‘साहब, बस दो घंटे कमाने आता हूं’, सड़क पर फेंके खाने के बाद रोते दुकानदार का Video हुआ Viral, Social Media पर बरसे लोग

वहीं, सोरांव थाना प्रभारी दीनदयाल सिंह के अनुसार, दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए गए हैं। पुलिस मामले की शुरुआती जांच कर रही है। बताया गया कि दोनों पक्षों के बीच समझौते को लेकर बातचीत भी चल रही है। पुलिस का कहना है कि आगे की कार्रवाई पीड़ित परिवार की मांग और जांच के आधार पर की जाएगी।

Location :  Prayagraj

Published :  5 August 2026, 5:46 PM IST

Related News

Advertisement