
प्रतीकात्मक तस्वीर (Img: Google)
Prayagraj: उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी प्रयागराज में एक ऐसी घटना सामने आई है जो झकझोर कर रख देगी। यहां 14 वर्षीय एक मासूम किशोरी को उसके सगे चाचा ने कथित तौर पर दुष्कर्म का शिकार बनाया और फिर उसके ऊपर मिट्टी का तेल डालकर जिंदा जलाने की कोशिश की।
इससे पीड़िता गंभीर रूप से झुलस गई है और एसआरएन अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। इस मामले में पीड़िता के भाई ने शिवकुटी थाने में चाचा सहित चार लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पीड़िता के बड़े भाई ने पुलिस को बताया कि उनके माता-पिता का देहांत हो चुका है। इसलिए 17 वर्षीय छोटा भाई और 14 वर्षीय बहन नाना के घर पर रहते थे। चाचा की शादी मौसी से हुई होने के कारण वह भी उसी ननिहाल में रहता था। भाई का आरोप है कि चाचा लंबे समय से बहन के साथ अश्लील हरकतें और दुष्कर्म कर रहा था। जब भी बच्चों ने विरोध करने की कोशिश की, चाची ने उन्हें मारपीट और मानसिक प्रताड़ना दी। कई दिनों तक भोजन न देने जैसी सजाएं दी जाती थीं।
करोड़ों श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर बड़ा सवाल, देवघर में तड़के गश्त के दौरान दबोचे गए हथियारबंद आरोपी
चाची की ओर से तेजाब डालकर जला देने की धमकियां भी मिलती थीं। डर के मारे दोनों बच्चे चुप रहते थे। उन्होंने नाना और दादी से शिकायत भी की, लेकिन दोनों ने चाचा-चाची का ही साथ दिया।
पीड़िता के भाई के मुताबिक 28 मई की रात चाचा ने फिर से बहन के साथ जबरदस्ती की। किशोरी ने काफी विरोध किया लेकिन वह नहीं माना। अगले दिन जब लड़की ने अपनी चाची को यह बात बताई तो चाची भड़क उठी। वह चिल्लाई, धमकियां देने लगी। इसी कहासुनी के दौरान शाम करीब चार बजे किशोरी पर मिट्टी का तेल डाला गया और आग लगा दी गई।
आग की लपटों में तड़पती बच्ची को देखकर चाचा-चाची ने बाद में भाई को बुलाकर कहा कि लड़की ने खुद आग लगा ली है। पीड़िता की हालत गंभीर बताई जा रही है। डॉक्टरों ने बताया कि उसके शरीर का बड़ा हिस्सा झुलस गया है और लंबे समय तक इलाज की जरूरत पड़ेगी।
Bareilly : माधोबाड़ी में पुलिस की बड़ी रेड, दो हवाला तस्कर दबोचे; 3 आरोपी फरार
शिवकुटी थाने के प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत जांच शुरू कर दी है। पीड़िता के भाई की तहरीर पर चाचा, चाची, नाना और दादी के खिलाफ आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। पूरी घटना ने इलाके में आक्रोश पैदा कर दिया है। लोग न्याय की मांग कर रहे हैं।
Location : Prayagraj
Published : 7 June 2026, 5:18 PM IST
Topics : crime news Family Abuse prayagraj news UP News UP Police