‘पापा अब शादी में क्या पहनेंगे?’ प्रतापगढ़ में चोरों ने छीन ली परिवार की खुशियां, रो-रोकर बेसुध हुए लोग

उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के महेशगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत हीरागंज फतुहाबाद में अज्ञात चोरों ने एक सूने घर को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। लगातार दूसरी बार हुई इस घटना से स्थानीय लोगों में दहशत और पुलिस के खिलाफ भारी आक्रोश है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 3 October 2026, 11:59 AM IST

Pratapgarh: महेशगंज थाना क्षेत्र के नगर पंचायत हीरागंज फतुहाबाद के वार्ड नंबर 11 (बिहार रोड) में शुक्रवार रात अज्ञात चोरों ने एक बार फिर पुलिस को चुनौती देते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। इस बार चोरों ने राजकुमार पटेल और शिवकुमार पटेल के सूने घर को निशाना बनाया। खास बात यह है कि इसी घर के बगल में कुछ समय पहले कैलाश नाथ गुप्ता के घर भी चोरी हुई थी, जिसका पुलिस आज तक सुराग नहीं लगा पाई है। एक ही इलाके में लगातार दूसरी वारदात से स्थानीय लोगों में दहशत और सुरक्षा को लेकर भारी चिंता है।

शादी के लिए रखे 70 हजार कैश और जेवरात समेटा

मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित राजकुमार और शिवकुमार रोजी-रोटी के सिलसिले में घर से बाहर रहते हैं। घटना की रात घर पर उर्मिला देवी और वंदना देवी मौजूद थीं। रात के अंधेरे में दाखिल हुए चोरों ने घर को खंगाल डाला। वंदना देवी सिलाई और ब्यूटी पार्लर का काम करती हैं। घर में आगामी शादी समारोह के कारण उन्होंने नकदी और जेवरात की व्यवस्था कर रखी थी।

यह भी पढ़ें - Pratapgarh: जमीन की पैमाइश के दौरान हंगामा, राजस्व टीम से भिड़े ग्रामीण, 21 पर FIR

चोरों ने मौके का फायदा उठाकर करीब 70 हजार रुपये नकद, एक सोने की जंजीर, एक अंगूठी, नौ चांदी की बिछिया और पायल समेत अन्य कीमती सामान समेट लिया और फरार हो गए। पीड़ित परिवार के पास नकदी से संबंधित ऑनलाइन लेनदेन और निकासी के दस्तावेजी रिकॉर्ड भी मौजूद हैं।

घटना की छानबीन में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही महेशगंज थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। पीड़ित परिवार ने थाने में लिखित तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने परिजनों को आश्वासन दिया है कि जांच के आधार पर जल्द ही आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें - Pratapgarh: सोने की तैयारी कर रहा था परिवार, तभी घर में अजगर की दस्तक, PRV 112 ने पहुंचकर ऐसे टाला बड़ा खतरा

गश्त बढ़ाने और जल्द खुलासे की मांग

स्थानीय निवासियों का कहना है कि कैलाश नाथ गुप्ता के यहां हुई पहली चोरी का खुलासा न होना और अब पटेल परिवार के घर वारदात होना पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। लोगों को डर है कि यदि समय रहते चोरों को न पकड़ा गया तो उनके हौसले और बुलंद हो जाएंगे। पीड़ित परिवार और ग्रामीणों ने पुलिस के उच्चाधिकारियों से मांग की है कि मामले का जल्द से जल्द खुलासा कर सामान बरामद किया जाए और क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाई जाए।

Location :  Pratapgarh

Published :  3 October 2026, 11:59 AM IST