
मुरादाबाद में मौत का तांडव (IMG: Dynamite News)
Moradabad: मुरादाबाद में गुरुवार सुबह करीब 9:30 बजे हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। मूंढापांडे थाना क्षेत्र में भदासना हवाई अड्डे के मोड़ के सामने तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार तीन युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर हालत में सड़क किनारे पड़ा तड़पता रहा।
बताया जा रहा है कि रझौड़ा कन्नरदेव गांव निवासी खेमपाल, सौरभ और सूरज एक ही बाइक पर सवार होकर मुरादाबाद की एक एक्सपोर्ट फैक्ट्री में काम करने जा रहे थे। तीनों रोज की तरह गुरुवार सुबह भी अपने काम के लिए निकले थे। जैसे ही उनकी बाइक भदासना हवाई अड्डे के कट के पास पहुंची, वहां हादसा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इसी दौरान एक बाइक के सामने आने के बाद स्थिति बिगड़ी और पीछे से आए डंपर ने युवकों को कुचल दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार तीनों युवक टक्कर के बाद सड़क पर दूर तक जा गिरे। बताया जा रहा है कि दोनों मृतकों के शव करीब 25 मीटर तक हाईवे पर बिखरे पड़े थे। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। राहगीर अपनी गाड़ियां रोककर घटनास्थल की ओर दौड़े। लोगों ने घायल युवक को संभाला और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने खेमपाल और सौरभ को मृत घोषित कर दिया। वहीं सूरज की हालत गंभीर बताई गई। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पहले पति ने पकड़े पैर, फिर देवर ने अपनी ही भाभी के साथ… मुरादाबाद से दिल दहला देने वाला मामला
हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस अब फरार चालक और डंपर की तलाश में जुटी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही हाईवे पर आने-जाने वाले वाहनों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हादसे में शामिल डंपर किस दिशा से आया था और वह घटना के बाद किस रास्ते से फरार हुआ। वाहन नंबर की जानकारी जुटाने के लिए आसपास के कैमरों की रिकॉर्डिंग भी देखी जा रही है।
एक ही गांव के दो युवकों की मौत की खबर जैसे ही रझौड़ा कन्नरदेव पहुंची, वहां मातम पसर गया। जिन तीन युवकों को सुबह काम पर जाते समय परिवार ने देखा था, उनमें से दो की मौत की खबर कुछ ही देर में घर पहुंच गई। खेमपाल और सौरभ के परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीण भी बड़ी संख्या में पीड़ित परिवारों के घर पहुंच रहे हैं और उन्हें ढांढस बंधा रहे हैं। गांव में हर तरफ इसी हादसे की चर्चा है।
Location : Moradabad
Published : 13 August 2026, 1:49 PM IST