
मृतक की फाइल फोटो (IMG: Dynamite News)
Bareilly: बरेली के आंवला थाना क्षेत्र के कंधरपुर गांव में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। शुक्रवार रात घर से निकले 28 वर्षीय श्याम सिंह का शव शनिवार सुबह खेत में खून से लथपथ मिला। शव की हालत देखकर गांव में सनसनी फैल गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसके गले पर रस्सी जैसी किसी वस्तु से कसने के निशान मिलने के साथ धारदार हथियार से गहरा वार किए जाने की पुष्टि हुई है। गले का करीब 60 फीसदी हिस्सा कटा हुआ बताया गया है।
कंधरपुर गांव निवासी श्याम सिंह शुक्रवार रात करीब आठ बजे घर से निकला था। परिजनों के मुताबिक, उसने बाग की तरफ जाने की बात कही थी। देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटा तो परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। आसपास और संभावित जगहों पर खोजबीन के बावजूद श्याम का कोई पता नहीं चला। शनिवार सुबह गांव के ही राजेंद्र ने खेत में श्याम का शव पड़ा देखा। उसने इसकी जानकारी परिजनों को दी। परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो श्याम खून से लथपथ पड़ा था। उसके शरीर पर कई चोटों के निशान थे। खास तौर पर गले पर धारदार हथियार से किए गए वार के निशान दिखाई दिए।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की गंभीरता सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, श्याम के गले पर रस्सी या इसी तरह की किसी वस्तु से कसने और खींचने के निशान मिले हैं। उसकी ट्रैकिया भी टूटी हुई पाई गई। इसके अलावा गले का करीब 60 फीसदी हिस्सा धारदार हथियार से कटा हुआ बताया गया है। सिर, हाथ और पैरों पर भी धारदार हथियार से चोट के निशान मिले हैं।
श्याम के भाई मुन्नालाल ने पुलिस को दी तहरीर में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश को वजह बताया है। उसके मुताबिक, कई साल पहले उनके पिता ने गांव के ही मोहर सिंह के कथित अवैध केरोसिन कारोबार को लेकर शिकायत की थी। आरोप है कि इसी के बाद दोनों परिवारों के बीच विवाद और रंजिश शुरू हो गई थी। मुन्नालाल ने इसी पुरानी रंजिश के चलते अपने भाई की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। उसकी तहरीर के आधार पर पुलिस ने गजराम, मोहर सिंह, रूमा सिंह और भूपराम के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस जांच में करीब एक महीने पहले श्याम सिंह का गांव के कुछ लोगों से विवाद होने की बात भी सामने आई है। पुलिस अब इस विवाद को भी हत्या की घटना से जोड़कर जांच कर रही है। इसके साथ ही पुराने विवाद और अन्य संभावित कारणों को भी खंगाला जा रहा है। सीओ हेमंत उपाध्याय के मुताबिक, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, नामजद आरोपियों में शामिल गजराम पहले कोटेदार रह चुका है।
एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा ने बताया कि परिजनों की ओर से हत्या के पीछे पुरानी रंजिश का आरोप लगाया गया है। चार लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है और सभी आरोपी फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस टीमों को आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगाया गया है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, पुराने विवाद और परिजनों के बयानों को जांच का हिस्सा बनाया जा रहा है।
Location : Bareilly
Published : 27 September 2026, 5:13 PM IST