Noida Crime: ऑटो में बैठी महिला मैनेजर का पीछा कर रहे थे स्कॉर्पियो सवार, FNG पर रोककर कर दी पिटाई

नोएडा के FNG एक्सप्रेसवे पर ऑटो से जा रही निजी कंपनी की महिला मैनेजर को कथित तौर पर स्कॉर्पियो सवार लोगों ने रोककर बाहर खींच लिया और मारपीट की। महिला के हाथ पर चोट लगी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने एक नामजद समेत तीन अज्ञात आरोपियों पर केस दर्ज कर CCTV जांच शुरू की है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 18 September 2026, 8:18 AM IST

Noida: नोएडा के थाना सेक्टर-63 क्षेत्र में बुधवार शाम एक महिला मैनेजर के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि एफएनजी एक्सप्रेसवे पर बाइक और काली स्कॉर्पियो से पीछा कर रहे लोगों ने ऑटो को रुकवाया और उसमें बैठी महिला को जबरन बाहर खींच लिया। इसके बाद आरोपियों ने बाल पकड़कर उनके साथ मारपीट की। हमले में महिला के हाथ पर भी चोट लगी।

पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने एक नामजद व्यक्ति समेत तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

तेज आवाज में बात करने को लेकर हुआ था विवाद

पीड़िता ग्रेटर नोएडा वेस्ट की राधा स्काई गार्डन सोसायटी में रहती हैं और सेक्टर-63 स्थित एक्सप्रेस बिल्डर्स कंपनी में मैनेजर हैं। शिकायत के मुताबिक, बुधवार शाम करीब 6:30 बजे वह ऑफिस से निकली थीं। उन्हें पर्थला जाना था, इसलिए सेक्टर-63 थाने के पास एफएनजी चौराहे पर ऑटो में बैठीं।

इसी दौरान वहां मौजूद अमर सिंह यादव से तेज आवाज में बात करने को लेकर उनकी बहस हो गई। पीड़िता का आरोप है कि अमर सिंह ने उन्हें धमकी दी। विवाद बढ़ता देख महिला पहले ऑटो से उतरीं और दूसरे ऑटो में बैठकर पर्थला के लिए रवाना हो गईं।

Delhi-NCR Weather: मानसून की विदाई से पहले फिर बदला मौसम, आज बारिश के कितने आसार?

बाइक से पीछा करने का आरोप

पीड़िता के अनुसार, अमर सिंह यादव अपने साथियों के साथ बाइक से ऑटो का पीछा कर रहा था। आरोप है कि वह पीछे चल रही बिना नंबर प्लेट की काली स्कॉर्पियो में सवार लोगों को महिला की लोकेशन बता रहा था।

शिकायत के मुताबिक, जैसे ही ऑटो एफएनजी पुल पर पहुंचा, बाइक सवार ने आगे बाइक लगाकर ऑटो को रुकवा लिया। तभी पीछे से काली स्कॉर्पियो पहुंची। उसमें सवार दो पुरुष और दो महिलाएं नीचे उतरे। इनमें अमर सिंह यादव भी शामिल था।

बाल पकड़कर ऑटो से बाहर खींचने का आरोप

पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने उन्हें जबरन ऑटो से बाहर खींच लिया और बाल पकड़कर मारपीट शुरू कर दी। हमले में शामिल एक महिला ने उनके हाथ पर किसी वस्तु से वार किया, जिससे वह घायल हो गईं। महिला के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने दर्ज किया केस, CCTV खंगाल रही

पीड़िता की शिकायत पर सेक्टर-63 थाना पुलिस ने अमर सिंह यादव और उसके सहयोगियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 126(2), 115(2) और 351(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

Location :  Noida

Published :  18 September 2026, 8:13 AM IST