सीएचओ दीपक पाण्डेय मौत मामला: गोर्रा किनारे खेत में मिले कपड़े, जांच में बढ़ी हत्या की आशंका

गोरखपुर के ब्रह्मपुर पीएचसी में तैनात CHO दीपक पांडेय की संदिग्ध मौत मामले में गोर्रा नदी किनारे उनके कपड़े मिलने से जांच ने नया मोड़ ले लिया है। पुलिस अब हत्या और अन्य सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 10 June 2026, 12:47 PM IST

Gorakhpur: गोरखपुर के ब्रह्मपुर क्षेत्र में तैनात सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (CHO) दीपक पांडेय की संदिग्ध मौत का मामला अब और रहस्यमय होता जा रहा है। गोर्रा नदी में शव मिलने के बाद अब नदी किनारे एक खेत से उनके कपड़े बरामद हुए हैं, जिससे जांच में नया मोड़ आ गया है। इस बरामदगी के बाद हत्या की आशंका को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं और पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुट गई है।

कैसे सामने आया नया सुराग

मंगलवार देर शाम झंगहा थाना क्षेत्र में गोर्रा नदी के किनारे बोहाबार पुल और बांध के बीच स्थित एक खेत में कुछ कपड़े पड़े होने की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जब कपड़ों की जांच की तो उनके मृतक दीपक पांडेय से संबंधित होने की संभावना जताई गई, जिसके बाद उन्हें कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया।

Firing in Gorakhpur: पारिवारिक विवाद में खूनी जंग, भाई ने भाई को मारी गोली, गोरखपुर में हड़ंकप

अब भी कई अहम चीजें गायब

कपड़ों की बरामदगी के बावजूद मामले की गुत्थी पूरी तरह नहीं सुलझी है। पुलिस के अनुसार मृतक का मोबाइल फोन, जूते, पर्स और अन्य निजी सामान अब तक नहीं मिला है। इन वस्तुओं की तलाश में पुलिस ने आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है। माना जा रहा है कि इन सामानों की बरामदगी से मौत के कारणों पर बड़ा खुलासा हो सकता है।

शव मिलने के बाद उठे थे सवाल

गौरतलब है कि बीते शुक्रवार को 26 वर्षीय दीपक पांडेय का अर्धनग्न शव देवरिया जिले के एकौना थाना क्षेत्र में गोर्रा नदी में उतराता मिला था। शव मिलने के बाद परिवार ने इसे सामान्य मौत मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई थी। परिजनों का कहना है कि शव पर चोट के निशान थे और सिर व नाक से खून निकलने के संकेत मिले थे।

गोरखपुर से वाराणसी जाते समय ट्रेन से गिरा युवक, क्षेत्र में सनसनी पढ़िए पूरी खबर

शादी के तीन महीने बाद टूटा परिवार

बस्ती जिले के सिकंदरपुर निवासी दीपक पांडेय की शादी मात्र तीन महीने पहले हुई थी। 5 जून की सुबह वह अपने कार्यस्थल से बौठा गांव के लिए निकले थे, लेकिन उसके बाद उनका कोई पता नहीं चला। अचानक उनकी मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

पुलिस हर एंगल से कर रही जांच

पुलिस अब इस पूरे मामले में हत्या, दुर्घटना और अन्य सभी संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और गायब सामानों की बरामदगी के आधार पर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Location :  Gorakhpur

Published :  10 June 2026, 12:47 PM IST