मुजफ्फरपुर के प्रसाद हॉस्पिटल अग्निकांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, प्रबंधन पर भी गहराया शक

मुजफ्फरपुर के एक निजी अस्पताल में हुए दर्दनाक हादसे ने पूरे शहर को हिला दिया है। शुरुआती जांच में कई चौंकाने वाले पहलू सामने आ रहे हैं और पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है। तीन लोगों की गिरफ्तारी के बाद अब सवाल और गहरे हो गए हैं।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 5 June 2026, 2:59 PM IST

Muzaffarpur: मुजफ्फरपुर के चर्चित प्रसाद हॉस्पिटल में गुरुवार की भोर हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है। आईसीयू वार्ड में लगी आग में कई मरीजों की मौत के बाद अब पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई के बाद अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया है।

नगर पुलिस अधीक्षक (सिटी एसपी) मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि ब्रह्मपुरा थाना कांड संख्या 177/26 के तहत यह मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में अस्पताल का प्रबंधक, आईसीयू ड्यूटी के समय जिम्मेदार चिकित्सक और एक अन्य कर्मचारी शामिल हैं।

कैसे हुआ हादसा?

प्रारंभिक जांच के अनुसार, घटना तड़के लगभग तीन बजे के आसपास हुई। बताया जा रहा है कि आईसीयू में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई। देखते ही देखते पूरा वार्ड धुएं और आग की चपेट में आ गया।अस्पताल में भर्ती मरीजों को बचाने की कोशिशें की गईं, लेकिन हालात इतने तेजी से बिगड़े कि कई लोगों को सुरक्षित बाहर नहीं निकाला जा सका। इस घटना ने अस्पताल की आपातकालीन सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

खेलते-खेलते गहरे पानी में पहुंचीं दो बहनें, कुछ ही मिनटों में उजड़ गई परिवार की खुशियां

प्रशासन की सख्ती और आगे की जांच

घटना के बाद जिला प्रशासन और प्रमंडलीय आयुक्त मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद तुरंत एफआईआर दर्ज करने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। सिटी एसपी ने साफ किया है कि अस्पताल के संचालक की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है। अगर जांच में किसी प्रकार की लापरवाही या मिलीभगत साबित होती है, तो उनके खिलाफ भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मानवाधिकार आयोग में पहुंचा मामला

इस पूरे मामले को लेकर मानवाधिकार अधिवक्ता एसके झा ने बिहार मानवाधिकार आयोग में याचिका दायर की है। उन्होंने मांग की है कि मामले की जांच किसी न्यायिक अधिकारी या स्वतंत्र आयोग की निगरानी में कराई जाए, ताकि निष्पक्षता बनी रहे।

सदस्यता से इनकार करना पड़ा भारी! ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ ज्वाइन नहीं की तो डॉक्टर को सड़क पर पीटा, मचा हड़कंप

घटना के बाद मुजफ्फरपुर में गुस्सा और डर का माहौल है। लोग निजी अस्पतालों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं और कड़े नियम लागू करने की मांग कर रहे हैं।

Location :  Muzaffarpur

Published :  5 June 2026, 2:40 PM IST