बंद कमरे का सौदा, जंगल में ढह गया विश्वास! मुजफ्फरनगर में किसान हत्या का पर्दाफाश; बेनकाब हुआ अपनों का ही चेहरा

मुजफ्फरनगर में किसान की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने करीब 60 घंटे में खुलासा करने का दावा किया है। जांच की कड़ी मृतक की पत्नी तक पहुंची और पुलिस ने प्रेम संबंध, जमीन बेचकर 10 लाख रुपये देने की कथित योजना और डेढ़ लाख रुपये के पुराने लेनदेन को साजिश से जोड़ा है।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 30 September 2026, 9:08 PM IST

Muzaffarnagar: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के रतनपुरी थाना क्षेत्र के अंबरपुर जंगल में 27 सितंबर को किसान प्रवीण उर्फ परविंदर की गोली मारकर हुई हत्या के मामले में पुलिस ने करीब 60 घंटे में खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, मृतक की पत्नी रेखा ने अपने कथित प्रेमी विकास के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। मामले में पुलिस ने रेखा, विकास, राजा उर्फ काला और कल्याण सिंह को गिरफ्तार किया है।

जंगल में बाइक से लौट रहे किसान की हुई थी हत्या

पुलिस के मुताबिक, 27 सितंबर को प्रवीण की गोली मारकर हत्या की गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर दो गोली लगने की पुष्टि होने की बात पुलिस ने कही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने एसपी ग्रामीण, सीओ बुढ़ाना, रतनपुरी पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम को जांच में लगाया था।

पत्नी के प्रेम संबंध की जांच में सामने आई कहानी

एसएसपी के अनुसार, पूछताछ में रेखा ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी वर्ष 2006 में प्रवीण से हुई थी। पुलिस के मुताबिक, रेखा ने पति पर शराब पीकर मारपीट करने के आरोप लगाए और कहा कि इसी दौरान वर्ष 2018-19 के आसपास उसकी पहचान विकास से हुई और दोनों के बीच कथित प्रेम संबंध बन गए।

पुलिस का दावा है कि दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन प्रवीण को इस संबंध की जानकारी होने के बाद उसने इसका विरोध किया। इसके बाद कथित तौर पर रेखा और विकास ने प्रवीण को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

मुजफ्फरनगर में 26 साल पुराने केस पर बड़ा फैसला, कोर्ट ने सुनाई ऐसी सजा कि मच गया हड़कंप

जमीन बेचकर 10 लाख रुपये देने की बात का दावा

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में यह बात सामने आई कि प्रवीण की हत्या के लिए 10 लाख रुपये देने की योजना बनाई गई थी। पुलिस का दावा है कि रेखा ने जमीन बेचकर रकम देने की बात कही थी।

इसी दौरान विकास ने राजा उर्फ काला और कल्याण सिंह से संपर्क किया। पुलिस के मुताबिक, राजा का प्रवीण पर करीब डेढ़ लाख रुपये बकाया था, जिसे वह वापस मांग रहा था। पुलिस का दावा है कि हत्या की साजिश में इसी आर्थिक विवाद को भी जोड़ा गया।

दोनों आरोपियों ने गोली मारने की बात स्वीकारी: पुलिस

पुलिस के अनुसार, राजा और कल्याण सिंह को कथित तौर पर तीन-तीन लाख रुपये देने का लालच दिया गया था। इसके बाद 27 सितंबर को प्रवीण को अंबरपुर के जंगल में बुलाया गया, जहां दोनों ने बारी-बारी से गोली मारने की बात पुलिस पूछताछ में स्वीकार की है।

हालांकि, पुलिस के मुताबिक हत्या की साजिश और आरोपियों की भूमिका से जुड़े सभी पहलुओं की विवेचना अभी जारी है।

मुजफ्फरनगर में नाबालिग युवती को बुर्के की आड़ में ले जाने का आरोप, महिला हिरासत में

दो तमंचे, कार और मोबाइल बरामद

एसएसपी संजय कुमार वर्मा के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 315 बोर के दो अवैध तमंचे, जिंदा और खोखा कारतूस, चार मोबाइल फोन, एक स्विफ्ट कार और मृतक की मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस ने एक ऐसे मोबाइल फोन के बरामद होने की भी बात कही है, जिसे कथित तौर पर घटना के लिए ही खरीदा गया था।

विकास को मुख्य आरोपी बता रही पुलिस

पुलिस के मुताबिक, विकास मिट्टी डालने का काम करता है और ठेकेदारी से भी जुड़ा है। उसका मृतक के परिवार में आना-जाना था। पुलिस का दावा है कि इसी परिचय के दौरान उसकी रेखा से दोस्ती हुई और बाद में दोनों के बीच प्रेम संबंध बने।

एसएसपी के अनुसार, मामले में मुकदमा अपराध संख्या 163/2026 के तहत धारा 103(1), 3(5) और 61(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था। बाद में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई गईं। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  30 September 2026, 9:08 PM IST