
सड़क पर कपल को पीटा (Img: Dynamite News)
Muzaffarnagar: जिले से एक युवक और युवती के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित जिला परिषद मार्केट में कुछ लोगों ने युवक और युवती को घेर लिया। आरोप है कि भीड़ ने युवक के साथ जमकर मारपीट की, जबकि युवती उसे बचाने की कोशिश करती रही। इस दौरान युवती के साथ भी धक्का-मुक्की और अभद्र व्यवहार किए जाने के आरोप लगाए गए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को भीड़ के बीच से निकालकर सुरक्षित सिविल लाइन थाने ले गई। पुलिस ने घायल युवक का मेडिकल भी कराया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रत्यक्षदर्शियों और वायरल वीडियो के आधार पर सामने आई जानकारी के अनुसार, युवक और युवती जिला परिषद मार्केट में एक जलपान की दुकान पर बैठे हुए थे। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों ने दोनों की पहचान को लेकर सवाल उठाने शुरू कर दिए। आरोप है कि युवक से नाम पूछे जाने पर उसने पहले खुद को "आशु शर्मा" बताया। बाद में उसकी पहचान को लेकर विवाद खड़ा हो गया, जिसके बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए।
देखते ही देखते बहस बढ़ गई और भीड़ ने युवक के साथ मारपीट शुरू कर दी। वायरल वीडियो में युवती लगातार युवक को बचाने की कोशिश करती दिखाई दे रही है, लेकिन भीड़ उसे भी धक्का देती नजर आती है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद घटना ने तूल पकड़ लिया।
युवक को भीड़ ने घेरा (Img: Dynamite News)
घटना के बाद सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि युवक मुस्लिम और युवती हिंदू समुदाय से हैं। यह भी कहा जा रहा है कि दोनों शामली जिले के थानाभवन क्षेत्र के रहने वाले हैं। हालांकि, पुलिस ने इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और कहा है कि सभी तथ्यों की जांच की जा रही है।
एसपी सिटी अमृत जैन ने बताया कि डायल 112 के माध्यम से सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने युवक को सुरक्षित थाने लाकर उसका मेडिकल कराया है। उन्होंने कहा, "जो भी तहरीर प्राप्त होगी और जांच में जो भी साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।" पुलिस का कहना है कि युवक और युवती दोनों से पूछताछ की जा रही है। वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
घटना के दौरान मौजूद होने का दावा करने वाले प्रशांत नाम के युवक, जिसे कुछ लोग बजरंग दल का कार्यकर्ता बता रहे हैं, ने मारपीट के आरोपों से इनकार किया है।
उसका कहना है कि उसने केवल युवक से उसका नाम पूछा था। उसके अनुसार युवक ने पहले खुद को "आशु शर्मा" बताया, लेकिन बाद में कहा कि वह मुस्लिम है और थानाभवन का रहने वाला है। प्रशांत का दावा है कि उन्हें युवक के मुस्लिम होने से कोई आपत्ति नहीं थी, बल्कि आपत्ति इस बात पर थी कि उसने अपनी पहचान गलत बताई।
युवक की जमकर की पिटाई (Img: Dynamite News)
प्रशांत ने यह भी कहा कि भीड़ बड़ी थी और किसने मारपीट की, यह कहना मुश्किल है। उनका दावा है कि उन्होंने खुद पुलिस को सूचना दी थी। उन्होंने कहा कि यदि मारपीट करनी होती तो पुलिस को क्यों बुलाते। साथ ही उन्होंने बताया कि पुलिस दोनों पक्षों के परिजनों को बुलाकर मामले को समझने का प्रयास कर रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। वायरल वीडियो, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मामले की जांच पूरी होने से पहले किसी भी तरह की अफवाह या अपुष्ट जानकारी सोशल मीडिया पर साझा न करें।
Location : Muzaffarnagar
Published : 12 July 2026, 8:17 PM IST