महाकाल के दर्शन कर खुशी-खुशी लौट रहे थे 6 श्रद्धालु, रास्ते में हुआ कुछ ऐसा कि घर पहुंचने से पहले थम गईं सांसें

मध्य प्रदेश के धार में बदनावर-उज्जैन फोरलेन पर भीषण सड़क हादसे में 6 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। सभी उज्जैन में महाकाल के दर्शन कर गुजरात लौट रहे थे। पंचकवासा के पास रॉन्ग साइड से आ रहे ट्रॉले ने वैन को टक्कर मार दी। हादसे के बाद ड्राइवर फरार हो गया।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 10 August 2026, 10:59 AM IST
google-preferred

Dhar:  मध्य प्रदेश के धार जिले में रविवार दोपहर बड़ा सड़क हादसा हो गया। बदनावर-उज्जैन फोरलेन पर ग्राम पंचकवासा के पास महाकाल के दर्शन कर गुजरात लौट रहे श्रद्धालुओं की वैन को अनियंत्रित ट्रॉले ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वैन सवार छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि सभी मृतक गुजरात के बड़ोदरा शहर के रहने वाले थे।

रॉन्ग साइड से आ रहे ट्रॉले ने मारी टक्कर

जानकारी के मुताबिक ट्रॉला बदनावर-उज्जैन फोरलेन पर रॉन्ग साइड से उज्जैन की ओर जा रहा था। ट्रॉले में लोहे का सामान भरा हुआ था। इसी दौरान सामने से आ रही मारुति ईको वैन से उसकी आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। हादसे के बाद ट्रॉला चालक मौके से फरार हो गया।

क्लासरूम है या हथियारों का अड्डा? फरीदाबाद के सरकारी स्कूल में छात्र के बैग से निकली एयर गन और चाकू, देख पुलिसवालों के भी उड़े होश

ग्रामीणों की मदद से निकाले गए शव

हादसे की सूचना मिलते ही बदनावर थाना प्रभारी अमित सिंह कुशवाह और तहसीलदार सुरेश नागर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों ने भी राहत कार्य में पुलिस की मदद की।

वैन में फंसे शवों को बाहर निकालने के लिए पुलिस और ग्रामीणों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, हादसे के बाद तेज आवाज सुनकर वे घर से बाहर आए तो वैन में लोग फंसे हुए थे। पुलिस को सूचना देने के बाद गेट को ग्राइंडर से काटकर शवों को बाहर निकाला गया।

मौके पर पहुंचे अधिकारी

हादसे की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार सुरेश नागर और एसडीएम प्रियंका मिमरोद भी मौके पर पहुंचे। कलेक्टर राजीव रंजन मीणा, एसपी सचिन शर्मा और एडिशनल एसपी पारुल बेलापुरकर ने घटनास्थल का जायजा लिया।

पुलिस ने गुजरात में मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है। शवों का पंचनामा बनाकर बदनावर सिविल अस्पताल की मॉर्चुरी में रखवाया गया है, जहां पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।

Chandauli: जिस युवक की 5 दिन से तलाश थी, उसकी गंगा में मिली लाश… परिजनों के आरोप से उलझी मौत की गुत्थी

हादसे के बाद यातायात प्रभावित

भीषण हादसे के बाद बदनावर-उज्जैन फोरलेन पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और यातायात को सुचारू कराया।

फिलहाल पुलिस फरार ट्रॉला चालक की तलाश में जुटी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Location :  Dhar

Published :  10 August 2026, 10:58 AM IST

Advertisement