Moradabad News: प्रेम विवाह का अंत इतना दर्दनाक कैसे? मैनाठेर में पति पर पत्नी की हत्या का आरोप

मुरादाबाद के मैनाठेर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां घरेलू विवाद के बाद पति ने अपनी पत्नी की धारदार हथियार से हत्या कर दी। घटना के वक्त दंपती के तीन छोटे बच्चे घर में मौजूद थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी फरार है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 5 June 2026, 12:44 PM IST

Moradabad: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद के मैनाठेर थाना क्षेत्र के गांव रसूलपुर हमीर में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब एक घर में घरेलू विवाद के बाद पति ने अपनी पत्नी पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी। यह घटना इतनी भयावह थी कि पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया। घटना के वक्त घर के अंदर दंपती के तीन छोटे बच्चे भी मौजूद थे, जिन्होंने अपनी आंखों के सामने इस खौफनाक वारदात को देखा। वारदात के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया, जबकि परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचकर स्तब्ध रह गए।

लंबे समय से चल रहा था विवाद

जानकारी के मुताबिक, मृतका सना (25) और आरोपी नसीम के बीच करीब छह साल पहले प्रेम विवाह हुआ था। दोनों के तीन बच्चे भी हैं। बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे घर में किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद नसीम ने पत्नी सना पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी ट्रक लेकर फरार हो गया।

मुरादाबाद : घर में डलवाई 1.20 करोड़ की डकैती, बेटी निकली मास्टरमाइंड, एक इशारे में बॉय फ्रेंड ने क्या करा?

छोटी बेटी ने नानी को दी सूचना

घटना के बाद सबसे दर्दनाक पल तब सामने आया जब मृतका की छह वर्षीय बेटी आयत दौड़कर अपने ननिहाल पहुंची और पूरी घटना की जानकारी दी। ननिहाल घर मृतका के घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर ही है। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक सना की मौत हो चुकी थी और आरोपी फरार हो गया था। परिवार में कोहराम मच गया और गांव में भारी भीड़ जमा हो गई।

जांच में जुटी पुलिस

मृतका के पिता इमरान ने आरोप लगाया है कि आरोपी नसीम, जो ट्रक चालक है, उनकी बेटी को लंबे समय से दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहा था। उन्होंने यह भी दावा किया कि दहेज की मांग पूरी न होने पर ही इस हत्या को अंजाम दिया गया है।

‘बाबू-शोना’ को करोड़पति बनाने के लिए बेटी ने कर दिया बाप को कंगाल, मुरादाबाद की यह लव स्टोरी बनी सबसे बड़ी क्राइम स्टोरी

आरोपी की तलाश तेज

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Location :  Moradabad

Published :  5 June 2026, 12:44 PM IST