गाजियाबाद में दरिंदगी की हदें पार: 8वीं की छात्रा से दुष्कर्म कर बनाया वीडियो, 6 महीने ब्लैकमेल के बाद हुई गर्भवती

गाजियाबाद के मोदीनगर (निवाड़ी) में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। पड़ोस के युवक ने 8वीं की छात्रा से दुष्कर्म कर उसका अश्लील वीडियो बनाया और 6 महीने तक ब्लैकमेल किया। पेट दर्द पर अस्पताल ले जाने पर पीड़िता के 2 महीने के गर्भवती होने का खुलासा हुआ, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 13 August 2026, 2:18 PM IST

Ghaziabad: निवाड़ी क्षेत्र के गांव से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां पड़ोस में रहने वाले 30 वर्षीय युवक ने 8वीं कक्षा में पढ़ने वाली 15 साल की नाबालिग छात्रा को हवस का शिकार बनाया। आरोपी ने न केवल छात्रा के साथ दुष्कर्म किया, बल्कि उसका अश्लील वीडियो बनाकर पिछले छह महीनों तक लगातार ब्लैकमेल और मानसिक शोषण करता रहा।

घर में अकेला पाकर दिया वारदात को अंजाम

पीड़ित छात्रा के माता-पिता पेशे से मजदूर हैं और घटना के वक्त काम पर गए हुए थे। इसी बात का फायदा उठाकर पड़ोसी आरोपी सचिन (30 वर्ष) छात्रा के घर में जबरन घुस आया। आरोपी ने छात्रा को एक कमरे में बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और अपने मोबाइल में वीडियो रिकॉर्ड कर ली। जब नाबालिग ने इस हैवानियत का विरोध करने की कोशिश की, तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी।

यह भी पढ़ें: Ghaziabad: आज से इस एक्सप्रेसवे पर भूलकर भी न जाएं! आम वाहनों की एंट्री बंद, सिर्फ डाक कांवड़ को मिलेगी इजाजत

6 महीने तक दी धमकियां

पहली वारदात के बाद से ही आरोपी सचिन लगातार अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर छात्रा को डराता-धमकाता रहा। खौफजदा छात्रा ने डर के मारे यह बात अपने परिजनों से छिपाए रखी। आरोपी पिछले छह महीनों से लगातार उसका यौन शोषण करता आ रहा था। पिछले शुक्रवार को भी आरोपी ने फिर से छात्रा को अपनी हवस का शिकार बनाया, जिसके बाद पीड़िता की तबीयत बिगड़ने लगी।

पेट दर्द के बाद अस्पताल पहुंचने पर खुली पोल

लगातार पेट दर्द की शिकायत होने पर परिजन पहले छात्रा को स्थानीय डॉक्टर के पास ले गए, लेकिन उसे कोई राहत नहीं मिली। इसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए गाजियाबाद के सरकारी अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों द्वारा की गई चिकित्सकीय जांच में खुलासा हुआ कि नाबालिग छात्रा दो महीने की गर्भवती है। डॉक्टर्स की रिपोर्ट सुनकर परिजनों के होश उड़ गए।

यह भी पढ़ें: Ghaziabad: खून से सनी स्कर्ट ने बयां की हैवानियत की वो दास्तां, 7 साल की बच्ची की हत्या, 3 घंटे का वो खौफनाक सच

पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई

अस्पताल में गर्भावस्था की पुष्टि होने के बाद सहमी छात्रा ने रोते हुए अपनी मां और परिवार वालों को आरोपी सचिन की पूरी करतूत बताई। पीड़िता की मां ने तुरंत निवाड़ी पुलिस स्टेशन पहुंचकर आरोपी के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई। मोदीनगर के सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) भास्कर वर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी सचिन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

Location :  Ghaziabad

Published :  13 August 2026, 2:18 PM IST