
शातिर वाहन चोर गिरफ्तार (Img: डाइनामाइट न्यूज)
Mirzapur: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले की राजगढ़ थाना पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया एक टेम्पो बरामद किया है। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर टेम्पो चोरी किया था और पहचान छिपाने के लिए उस पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर बेचने की तैयारी कर रहा था।
पुलिस के अनुसार, 8 सितंबर 2025 को ग्राम विशुनपुरा निवासी पिंटू ने राजगढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके घर के बाहर खड़ा टेम्पो (वाहन संख्या UP63AT8236) अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मु0अ0सं0-155/2025 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
वाहन चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) और क्षेत्राधिकारी (ऑपरेशन) के निर्देशन में राजगढ़ पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने नदिहार बाजार पुलिया के पास घेराबंदी कर मनोज केशरी पुत्र सुरेश केशरी, निवासी चुर्क बाजार, थाना रॉबर्ट्सगंज, जनपद सोनभद्र को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के समय आरोपी के पास से UP63T5630 नंबर का टेम्पो बरामद हुआ। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि यह वही चोरी किया गया टेम्पो है, जिसका वास्तविक नंबर UP63AT8236 था। पहचान छिपाने के लिए उस पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई थी। आरोपी ने बताया कि वह अपने दो साथियों के साथ मिलकर टेम्पो चोरी करता था और उसे बेचने के उद्देश्य से ले जा रहा था। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वाहन चोरी की अन्य घटनाओं में शामिल उसके दोनों साथी पहले ही वाराणसी पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
Location : Mirzapur
Published : 2 July 2026, 7:56 PM IST
Topics : crime news mirzapur news UP News UP Police uttar pradesh