
SSP ने उठाया ऐसा कदम कि मच गया बवाल (Img: Pinterest)
Meerut: मेरठ में बीए छात्रा की हत्या के मामले ने बुधवार को बड़ा राजनीतिक और प्रशासनिक विवाद खड़ा कर दिया। पीड़ित परिवार और सैकड़ों समर्थकों ने कलक्ट्रेट के बाहर करीब तीन घंटे तक सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि मामले में अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाए और दुष्कर्म की धाराएं जोड़ी जाएं। प्रदर्शन के दौरान हालात तब बिगड़ गए जब पुलिस ने बल प्रयोग किया और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एसएसपी द्वारा एक प्रदर्शनकारी को थप्पड़ मारते हुए दिखाई देने का दावा किया गया।
बीए छात्रा की हत्या के बाद पीड़ित परिवार कई दिनों से धरना दे रहा था। बुधवार को परिजन और समर्थक जिलाधिकारी से मिलने कलक्ट्रेट पहुंचे, लेकिन मुख्य गेट बंद मिलने पर बीच सड़क पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य आरोपी के भाई, उसकी मां और कथित अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ दुष्कर्म की धाराएं जोड़ने की मांग की।
करीब तीन घंटे तक पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। जब लोग सड़क खाली करने को तैयार नहीं हुए तो वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अविनाश पांडे मौके पर पहुंचे। इसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। पुलिस ने लाठीचार्ज कर सड़क खाली कराई। इसी दौरान वायरल वीडियो में एसएसपी द्वारा एक प्रदर्शनकारी को थप्पड़ मारने का दावा किया गया, जिससे विवाद और बढ़ गया।
पुलिस ने बिना अनुमति प्रदर्शन, सड़क जाम, सरकारी कार्य में बाधा, पुलिसकर्मियों पर हमला और सोशल मीडिया पर भ्रामक प्रचार समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार 13 नामजद और 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
आधी रात को दुकान से उठने लगीं आग की लपटें, शटर खोलने पर उड़ गए सबके होश… जानिए क्या हुआ
एसएसपी ने कहा कि प्रदर्शन की अनुमति नहीं ली गई थी और विभिन्न संगठनों के लोग बाहर से बुलाए गए थे। पुलिस के अनुसार भीड़ को हटाने के दौरान धक्का-मुक्की हुई, जिसमें दो दरोगा, 11 पुलिसकर्मी और एक महिला पुलिसकर्मी घायल हुई। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक बल प्रयोग किया गया।
घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। विपक्षी दलों और सामाजिक संगठनों ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं, जबकि पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की कानूनी प्रक्रिया के तहत जांच की जा रही है।
Location : Meerut
Published : 9 July 2026, 1:53 PM IST
Topics : Breaking News meerut news up crime