
बुलंदशहर में सनसनी
Bulandshahr: बुलंदशहर के नरसेना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया। डेढ़ महीने पहले ही शादी के बंधन में बंधे 25 वर्षीय केशव ने किराए के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि मौत से कुछ घंटे पहले युवक ने अपने चाचा को फोन कर दो लोगों से जान का खतरा बताया था। शुक्रवार सुबह उसका शव फंदे पर लटका मिलने से परिवार में कोहराम मच गया और गांव में मातम पसर गया।
पूरा मामला यूपी के बुलंदशहर जिले के नरसेना थाना क्षेत्र के गांव नरेन्द्रपुर का है। परिजनों के मुताबिक 25 वर्षीय केशव की दूसरी शादी करीब डेढ़ माह पहले हुई थी। शादी के बाद वह अपनी पत्नी के साथ दौलतपुर कलां में किराए के कमरे में रह रहा था।
परिजनों ने बताया कि गुरुवार रात केशव ने अपने चाचा को फोन किया था। फोन पर उसने दो लोगों से अपनी जान को खतरा होने की बात कही थी। हालांकि उसने विस्तार से ज्यादा कुछ नहीं बताया, लेकिन अगले ही दिन उसकी मौत की खबर आने से परिवार सकते में है।
शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे केशव का शव कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर नरसेना पुलिस भी मौके पर पहुंची और कमरे को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
बुलंदशहर में मटर-पनीर और रसगुल्ला खाने से कई ग्रामीण बीमार, गांव में अफरा-तफरी का माहौल
मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने कमरे की बारीकी से जांच की और कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और साफ हो सकेगी।
पुलिस अब उस फोन कॉल की भी जांच कर रही है, जिसमें युवक ने दो लोगों से जान का खतरा बताया था। नरसेना पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि आखिर युवक किस तनाव में था और किन लोगों का जिक्र उसने किया था।
Location : Bulandshahr
Published : 29 May 2026, 6:06 PM IST