
घुसकर मारपीट और फायरिंग
Mainpuri: मैनपुरी जिले के भोगांव थाना क्षेत्र की गिहार कॉलोनी निवासी एक महिला ने कुछ दबंगों पर घर में घुसकर मारपीट, फायरिंग और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने मंगलवार को इस मामले में पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
पीड़िता पूनम पत्नी अमरदीप के अनुसार, 15 जून 2026 की रात करीब आठ बजे उसके भाई रजिया और प्रशांत लस्सी पीने के लिए गए थे। इसी दौरान मोहल्ले के अभिमन्यु, विशाल, गौरव, रंजन, अरुण, समीन और करण ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि सभी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
शिकायत में कहा गया है कि अगले दिन आरोपियों ने दोबारा दोनों भाइयों को घेर लिया और उनके साथ मारपीट की। इस दौरान कथित रूप से फायरिंग भी की गई। पीड़िता का आरोप है कि इसके बावजूद पुलिस ने कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की।
महिला का कहना है कि 27 जून 2026 की रात करीब 10 बजे आरोपी दोबारा उसके घर में घुस आए और उसके भाइयों के साथ मारपीट की। पीड़िता का दावा है कि घटना के दौरान पुलिस भी मौके पर मौजूद थी, लेकिन किसी तरह की सहायता नहीं की गई।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि दबंगों के प्रभाव के कारण थाना पुलिस उसकी शिकायत पर मुकदमा दर्ज नहीं कर रही है। साथ ही आरोपियों द्वारा लगातार पूरे परिवार को जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं, जिससे परिवार भय के माहौल में जीने को मजबूर है।
महिला ने पुलिस अधीक्षक मैनपुरी से मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज कराने, सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और उसके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
फिलहाल इस मामले में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
Location : Mainpuri
Published : 30 June 2026, 3:13 PM IST