Maharajganj News: 3 मांओं की गोद सूनी, सिसवा में सन्नाटा: ठेकेदार की गिरफ्तारी से भी नहीं कम हुआ परिजनों का दर्द

सिसवा बाजार के निर्माणाधीन अमृत सरोवर में तीन बच्चों की डूबकर मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्य करा रहे ठेकेदार दीपक कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया। सुरक्षा मानकों की अनदेखी और लापरवाही के आरोप में दर्ज मुकदमे के बाद यह कार्रवाई हुई है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 3 August 2026, 4:59 PM IST

Maharajganj: सिसवा बाजार नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड संख्या-25 मीराबाई नगर पोखरा टोला स्थित निर्माणाधीन अमृत सरोवर में तीन मासूमों की दर्दनाक मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्य करा रहे ठेकेदार दीपक कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को उसके भुजौली स्थित आवास से हिरासत में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस गिरफ्तारी के बाद पूरे जिले में इस चर्चित मामले ने नया मोड़ ले लिया है।

क्या है पूरा मामला

गौरतलब है कि रविवार 2 अगस्त को निर्माणाधीन अमृत सरोवर में नहाने के दौरान रजत उर्फ रोहन, कृष्णा रौनियार और नीतीश यादव गहरे पानी में डूब गए थे। काफी प्रयास के बाद तीनों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। एक साथ तीन किशोरों की मौत से पूरे सिसवा क्षेत्र में मातम छा गया था और लोगों का गुस्सा फूट पड़ा था।

ये भी पढ़ें - Maharajganj: ‘श्रद्धालुओं को न हो कोई परेशानी…’ DM ने पर्यटन विकास और अमृत सरोवर को लेकर दिए निर्देश

सरोवर में अनियमित तरीके से खुदाई

घटना के बाद नगर पालिका परिषद सिसवा बाजार के अधिशासी अधिकारी विन्ध्याचल ने कोठीभार थाने में तहरीर देकर निर्माण कार्य करा रहे ठेकेदार मेसर्स दीपक कंस्ट्रक्शन कंपनी के प्रोपराइटर दीपक कुमार सिंह पर गंभीर आरोप लगाए। तहरीर में कहा गया कि अमृत 2.0 योजना के तहत निर्माणाधीन सरोवर में अनियमित तरीके से गहरी खुदाई कराई गई, जिससे कई स्थानों पर खतरनाक गड्ढे बन गए थे। बरसात में इन गड्ढों में पानी भर जाने के बावजूद न तो चेतावनी बोर्ड लगाए गए और न ही निर्माण स्थल के चारों ओर पर्याप्त बैरिकेडिंग कराई गई।

तीन बच्चों की चली गई जान 

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया कि ठेकेदार को इस बात की पूरी जानकारी थी कि निर्माणाधीन सरोवर में कई स्थानों पर गहराई अधिक है, फिर भी सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम नहीं किए गए। इसी लापरवाही के कारण तीन बच्चों की जान चली गई।

ठेकेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज

तहरीर के आधार पर पुलिस ने ठेकेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और मंगलवार को उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है। यदि जांच में किसी अन्य अधिकारी, कर्मचारी या संबंधित व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें - Maharajganj News: जयकारों की गूंज के बीच मंदिर में चोरी की हलचल, महिलाओं की चेन गायब, हरकत में आई पुलिस

हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश

उधर, इस हादसे के बाद मृतकों के परिजनों और स्थानीय लोगों में अब भी भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि केवल ठेकेदार की गिरफ्तारी से न्याय पूरा नहीं होगा। निर्माण कार्य की निगरानी करने वाले संबंधित अधिकारियों और जिम्मेदार लोगों की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

Location :  Maharajganj

Published :  3 August 2026, 4:59 PM IST