Maharajganj News: जंगल में लकड़ी बीनने गए परिवार पर टूटा कहर, पेड़ के नीचे दबे दंपती

महराजगंज के पनियरा क्षेत्र के चंदनचाफी जंगल में तेज आंधी-बारिश के बीच विशाल पेड़ गिरने से एक दंपती की मौत हो गई। उनकी 16 वर्षीय बेटी भी पेड़ के नीचे दबकर घायल हुई, लेकिन होश आने पर वह किसी तरह घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 27 September 2026, 11:58 AM IST

Maharajganj: पनियरा थाना क्षेत्र के चंदनचाफी गांव के जंगल में तेज आंधी और बारिश के बीच दर्दनाक हादसा हो गया। जंगल में लकड़ी बीनने और बकरी चराने गए एक ही परिवार के तीन लोग अचानक पेड़ गिरने से उसके नीचे दब गए। हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि उनकी 16 वर्षीय बेटी घायल हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

तेज आंधी-बारिश में अचानक गिरा विशाल पेड़

बताया गया कि 26 सितंबर को चंदनचाफी गांव निवासी गौरी शंकर करीब 40 वर्ष अपनी पत्नी करीब 38 वर्ष और 16 वर्षीय बेटी अंजलिका के साथ गांव के पास जंगल में गए थे। इसी दौरान क्षेत्र में तेज आंधी और बारिश शुरू हो गई। इसी बीच एक विशाल पेड़ अचानक तीनों के ऊपर गिर गया। पेड़ की चपेट में आने से तीनों दब गए।

होश आया तो सामने था दर्दनाक मंजर

हादसे के बाद कुछ समय तक अंजलिका भी पेड़ के नीचे दबी रही। कुछ देर बाद उसे होश आया तो उसने देखा कि उसके माता-पिता पेड़ के नीचे दबे हुए हैं। दोनों की मौत हो चुकी थी। घायल होने के बावजूद अंजलिका किसी तरह वहां से निकलकर घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी।

मृतकों की फाइल फोलो (Source: Dynamite News)

परिजन मौके पर पहुंचे, पेड़ हटाकर निकाले शव

बेटी से हादसे की जानकारी मिलने के बाद परिजन तत्काल जंगल पहुंचे। उन्होंने पेड़ हटाकर देखा तो गौरी शंकर और उनकी पत्नी की मौत हो चुकी थी। इसके बाद परिजन देर रात दोनों के शव घर लेकर आए। मामले की सूचना तत्काल पुलिस को नहीं दी गई।

UN में भारत की स्थायी सदस्यता के लिए खुलकर खड़ा हुआ रूस, दोस्ती का दम भरने वाले जापान-जर्मनी ने काटी कन्नी

सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस

शनिवार सुबह पुलिस को घटना की जानकारी मिली। इसके बाद उप निरीक्षक रमेश चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। घायल बेटी के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

गांव में पसरा मातम

एक ही परिवार के पति-पत्नी की मौत की खबर से चंदनचाफी गांव में मातम का माहौल है। हादसे ने परिवार को गहरा सदमा दिया है। पुलिस के अनुसार मौके पर शांति व्यवस्था कायम है। घटना को लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Location :  Maharajganj

Published :  27 September 2026, 11:34 AM IST