अस्पताल के अंदर आखिर किसके इशारे पर हो रहा यह खेल? शिकायत के बाद प्रशासन में हलचल

महराजगंज के फरेंदा स्थित पुराने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में निर्माण सामग्री के अवैध भंडारण और टैक्सी स्टैंड संचालन के आरोपों से विवाद गहरा गया है। शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी से जांच, भूमि सीमांकन, निर्माण सामग्री हटाने और टैक्सी स्टैंड को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग की है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 9 July 2026, 3:06 PM IST

Maharajganj: महराजगंज जिले के फरेंदा स्थित पुराने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) परिसर में कथित रूप से निर्माण सामग्री का अवैध भंडारण और टैक्सी स्टैंड संचालित किए जाने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। इस पूरे मामले को लेकर जिलाधिकारी को शिकायत भेजी गई है, जिसमें नगर पंचायत आनंदनगर के अधिशासी अधिकारी पर ठेकेदारों के साथ मिलीभगत कर अस्पताल परिसर का दुरुपयोग कराने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

निर्माण सामग्री के ढेर से मरीज परेशान

शिकायत के अनुसार, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के निरीक्षण भवन के सामने स्थित पुराने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में बड़ी मात्रा में गिट्टी, बालू और मोरंग का स्टॉक किया गया है। आरोप है कि इसी परिसर में टैक्सी स्टैंड भी संचालित कराया जा रहा है, जिससे अस्पताल का मूल उद्देश्य प्रभावित हो रहा है।

शिकायतकर्ता का कहना है कि परिसर में संचालित होम्योपैथिक एवं आयुर्वेदिक चिकित्सालय में इलाज के लिए आने वाले मरीजों को धूल, गंदगी और भारी वाहनों की लगातार आवाजाही के कारण काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। निर्माण सामग्री की ढुलाई से उड़ने वाली धूल न केवल प्रदूषण फैला रही है बल्कि अस्पताल का वातावरण भी अस्वास्थ्यकर बनता जा रहा है।

अतिक्रमण की आशंका भी जताई गई

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि अस्पताल परिसर की सरकारी भूमि पर धीरे-धीरे अतिक्रमण किया जा रहा है। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में अस्पताल की भूमि पर स्थायी कब्जे की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। शिकायतकर्ता ने इसे सरकारी संपत्ति के संरक्षण से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।

बरेली में मौत का सफर: दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर पलटी स्लीपर बस, 50 घायल, 25 की हालत नाजुक

डीएम से कार्रवाई की मांग

जिलाधिकारी से मांग की गई है कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को तत्काल निर्देश देकर अस्पताल परिसर से निर्माण सामग्री हटवाई जाए। साथ ही उपजिलाधिकारी फरेंदा की निगरानी में राजस्व विभाग की टीम गठित कर अस्पताल की भूमि का सीमांकन कराया जाए, ताकि वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।

पेड़ पर चढ़ी नेपाली डांसर, नीचे खड़ी थी सांसें थामे भीड़… आखिर ऐसा क्या हुआ कि पुलिस को घंटों करनी पड़ी मशक्कत?

इसके अलावा नगर पंचायत आनंदनगर को अस्पताल परिसर से टैक्सी स्टैंड हटाकर निर्धारित स्थान पर स्थानांतरित करने के निर्देश देने की भी मांग की गई है। अब सभी की निगाहें जिला प्रशासन पर टिकी हैं कि शिकायत की जांच के बाद क्या कार्रवाई होती है और अस्पताल परिसर को अतिक्रमण व अव्यवस्था से कब तक मुक्त कराया जाता है।

Location :  Maharajganj

Published :  9 July 2026, 3:06 PM IST