Maharajganj News: मासूम की मौत पर भड़के DM गौरव सिंह सोगरवाल, ग्राम प्रधान पर FIR, सचिव और इंजीनियर सस्पेंड

महराजगंज के नौतनवा ब्लॉक की शेष फरेन्दा ग्राम पंचायत में पोखरी सुंदरीकरण के दौरान बना प्रवेश द्वार गिरने से एक मासूम की मौत हो गई। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम प्रधान के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं, जबकि ग्राम पंचायत सचिव और कंसल्टिंग इंजीनियर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 3 July 2026, 1:55 PM IST

Maharajganj: महराजगंज में नौतनवा विकास खंड की ग्राम पंचायत शेष फरेन्दा में पोखरी सुंदरीकरण कार्य के दौरान निर्मित प्रवेश द्वार (गेट) गिरने से मासूम बच्चे की मौत के मामले में जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने घटना को गंभीरता से लेते हुए ग्राम प्रधान के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही ग्राम पंचायत सचिव और संबंधित कंसल्टिंग इंजीनियर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

जिलाधिकारी ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

शनिवार को शेष फरेन्दा गांव में पोखरी सुंदरीकरण योजना के तहत बनाए गए प्रवेश द्वार का गेट अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय वहां मौजूद एक मासूम बच्चा मलबे की चपेट में आ गया। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया, जबकि ग्रामीणों में निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर भारी नाराजगी देखी गई।

Maharajganj: गांव-गांव विकास की नई रफ्तार, जीरामजी योजना के शुभारंभ पर सीडीओ खुद पहुंचे पंचायतों में

जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई

हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन हरकत में आया। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट तलब की। प्रथम दृष्टया निर्माण कार्य में लापरवाही पाए जाने पर ग्राम प्रधान के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के आदेश दिए गए। इसके अलावा ग्राम पंचायत सचिव और निर्माण कार्य की निगरानी कर रहे कंसल्टिंग इंजीनियर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

अन्य दोषियों पर भी कसेगा शिकंजा

प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले की विस्तृत जांच कराई जा रही है। यदि जांच के दौरान किसी अन्य अधिकारी, कर्मचारी, कार्यदायी संस्था या निर्माण एजेंसी की लापरवाही सामने आती है तो उनके विरुद्ध भी कठोर विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Maharajganj

Published :  3 July 2026, 1:55 PM IST