
संदिग्ध परिस्थितियों में बगीचे में मिला घायल बाइक सवार (Img: Dynamite News)
Maharajganj: महराजगंज के कोल्हुई थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सोनौली-गोरखपुर हाईवे (NH-24) किनारे गुर्चिया गांव के सामने एक युवक घायल हालत में बगीचे में पड़ा मिला। युवक के कुछ दूरी पर उसकी बाइक भी गिरी हुई थी। सुबह खेत की ओर जा रहे ग्रामीण की नजर उस पर पड़ी, जिसके बाद आसपास के लोगों को सूचना दी गई।
ग्रामीणों का कहना है कि घटना देर रात की हो सकती है। सुबह युवक को बगीचे में बेसुध देखकर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। लोगों के बीच सबसे ज्यादा चर्चा इस बात को लेकर रही कि अगर बाइक हाईवे के पास गिरी थी, तो घायल युवक बगीचे के अंदर तक कैसे पहुंचा?
ये भी पढ़ें- कोल्हुई: लोन की आड़ में चल रहा था बड़ा खेल, कागजों के पीछे छिपा सच आएगा सामने
घायल बाइक सवार की पहचान मुबारक निवासी कोनघुसरी अड्डा बाजार, थाना नौतनवां के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। घायल युवक से बातचीत कर घटना की पूरी जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।
कोल्हुई थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि घायल से बातचीत का प्रयास किया जा रहा है। अभी घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक के साथ हादसा कैसे हुआ और वह हाईवे से बगीचे तक किस तरह पहुंचा। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की सही तस्वीर सामने आएगी।
ये भी पढ़ें- देवरिया में मातम: युवा प्रबंधक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत, इलाके में शोक की लहर
फिलहाल युवक के घायल मिलने की घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। बाइक का हाईवे से कुछ दूरी पर मिलना और युवक का बगीचे में बेहोशी की हालत में पाया जाना पूरे मामले को रहस्यमय बना रहा है। पुलिस की जांच और घायल युवक के बयान से ही इस घटना की असली वजह सामने आने की उम्मीद है।
Location : Maharajganj
Published : 8 September 2026, 10:13 AM IST