हिंदी
कोल्हुई में लोन कंपनी पर गंभीर आरोप
Maharajganj: कोल्हुई कस्बे में लोन के लेनदेन से जुड़ा मामला अब पुलिस तक पहुंच गया है। शिकायतकर्ता ने लोन के नाम पर अत्यधिक ब्याज वसूली, धन हड़पने, चेक के दुरुपयोग और धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत में सालाना करीब 60 प्रतिशत तक ब्याज वसूले जाने का दावा किया गया है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि इस तरह की ब्याज वसूली का आधार क्या है और संबंधित कारोबार को किस नियम या अनुमति के तहत संचालित किया जा रहा है?
शिकायतकर्ता के अनुसार, उसने करीब दो लाख रुपये का लोन लिया था। आरोप है कि इस रकम के बदले उससे 120 दिनों तक प्रतिदिन 2,000 रुपये की किश्त वसूली जाती थी। यानी 120 दिनों में कुल करीब 2.40 लाख रुपये की वसूली का दावा किया गया है। शिकायतकर्ता के मुताबिक रोजाना जमा की जाने वाली रकम का हिसाब एक पासबुक में दर्ज किया जाता था।
शिकायतकर्ता का दावा है कि किस्त और सामान के माध्यम से करीब 2.39 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है। इसके अलावा बचत खाते में जमा करीब 31,200 रुपये वापस नहीं किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि लोन लेते समय लिया गया एसबीआई का चेक उसकी अनुमति के बिना बैंक में लगाया गया। चेक बाउंस होने के बाद मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
तहरीर मिलने के बाद कोल्हुई थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह ने जांच एसआई राजीव सिंह को सौंपी है। अब जांच में लोन की वास्तविक शर्तें, पासबुक में दर्ज लेनदेन, ब्याज की गणना और संबंधित दस्तावेजों की पड़ताल होगी। जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि शिकायत में लगाए गए आरोप कितने सही हैं और लोन कारोबार नियमों के अनुरूप संचालित हो रहा था या नहीं।
वहीं लोन देने वाली कंपनी के संचालक ने बकाया पैसों को अलग कारोबार से जुड़ा बताया जा रहा है।
Location : Maharajganj
Published : 8 September 2026, 8:03 AM IST