शक की बुनियाद पर लखनऊ में एक साथ बिछी तीन लाशें, डबल मर्डर के बाद आरोपी ने किया सुसाइड; जानिए पूरी क्राइम मिस्ट्री

लखनऊ में रिश्तों के विवाद ने ऐसा खौफनाक मोड़ लिया कि एक ही परिवार में तीन जिंदगियां खत्म हो गईं। आरोप है कि SBI कर्मचारी मानस बाजपेई ने पहले पत्नी दिव्या मिश्रा को गोली मारी और फिर घर पहुंचकर बहन को भी गोली मार दी।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 20 August 2026, 3:40 PM IST

Lucknow: लखनऊ में एक सनसनीखेज वारदात ने पति-पत्नी के रिश्ते में बढ़ते विवाद और शक के खतरनाक अंजाम पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि SBI में अकाउंटेंट के पद पर काम करने वाले मानस बाजपेई ने पहले अपनी पत्नी दिव्या मिश्रा की गोली मारकर हत्या की। इसके बाद वह अपने घर पहुंचा, जहां उसने अपनी बहन सीबा को गोली मार दी और फिर खुद भी जान दे दी। एक ही परिवार में हुई तीन मौतों से इलाके में हड़कंप मच गया।

तलाक के लिए कोर्ट पहुंची थी पत्नी

बताया जा रहा है कि दिव्या मिश्रा की शादी करीब 12 साल पहले मानस बाजपेई से हुई थी। दोनों के बीच पिछले कुछ समय से रिश्ते ठीक नहीं चल रहे थे। करीब एक साल पहले दिव्या ने मानस से तलाक के लिए कोर्ट में अपील दायर की थी। इसके बाद वह आलमबाग में अलग रह रही थीं।

दिव्या लखनऊ के मिठाईवाला चौराहा स्थित ICICI बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर के तौर पर काम कर रही थीं। गुरुवार दोपहर मानस कार से बैंक पहुंचा और फोन करके दिव्या को बाहर बुलाया। दोनों के बीच कुछ देर बातचीत हुई। इसके बाद मानस ने कथित तौर पर दिव्या को गोली मार दी और मौके से फरार हो गया। गंभीर हालत में उन्हें लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

ये भी पढ़ें- Double Murder in Lucknow: लखनऊ में डबल मर्डर से हड़कंप, बैंक में पत्नी और घर पर बहन की गोली मारकर हत्या; फिर सुसाइड

बहन के साथ रहता था मानस

पत्नी की हत्या के बाद मानस करीब दो किलोमीटर दूर हुसड़िया चौराहे के पास स्थित अपने किराए के मकान पर पहुंचा। यहां वह अपनी बहन सीबा के साथ रहता था। बताया जा रहा है कि सीबा करीब 28-29 साल की थी और पहले से मानसिक स्वास्थ्य संबंधी परेशानी से जूझ रही थी। पिछले कुछ महीनों में उसकी तबीयत और खराब हो गई थी।

सुसाइड से पहले आरोपी ने वॉट्सएप पर स्टेटस लगाया था

पड़ोसियों के मुताबिक, मानस और उसकी बहन दोनों सामान्य और शांत स्वभाव के थे। आसपास के लोगों से उनका व्यवहार भी अच्छा बताया जा रहा है। मानस के माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी थी।

WhatsApp Status ने खोला शक का राज

पत्नी की हत्या के बाद मानस ने कथित तौर पर WhatsApp पर एक स्टेटस लगाया। इसमें उसने पत्नी पर धोखा देने का आरोप लगाया और अपने अगले कदम की बात लिखी। स्टेटस देखकर पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई और वे उसके घर पहुंचे।

ये भी पढ़ें- Murder in Lucknow: लखनऊ में दिनदहाड़े दिव्या मिश्रा की बैंक के बाहर गोली मारकर हत्या, पति ने फोन कर बुलाया और…

दरवाजा अंदर से बंद था। काफी कोशिश के बाद दरवाजा खोला गया तो अंदर मानस और उसकी बहन सीबा के शव पड़े मिले। कमरे में टीवी चल रहा था और उस पर हनुमान चालीसा बज रही थी।

पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मौके पर फोरेंसिक टीम ने भी पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश है कि आखिर रिश्ते में ऐसा क्या हुआ, जिसने तीन जिंदगियां खत्म कर दीं। मानस के लगाए आरोपों की भी पुलिस जांच करेगी।

Location :  Lucknow

Published :  20 August 2026, 3:39 PM IST