साथ जिएंगे-साथ मरेंगे! शादी के बाद 20 दिन बाद अमित-नरगिस ने मौत को लगाया गले, मचा हड़कंप

लखनऊ के चिनहट में एक गेस्ट हाउस का कमरा बुधवार रात अचानक चर्चा में आ गया। करीब 20 दिनों से वहां रह रहे अमित और नरगिस के बारे में जब परिवारों को कुछ पता नहीं चला तो मामला और उलझ गया।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 16 September 2026, 1:30 PM IST

Lucknow: राजधानी लखनऊ के चिनहट इलाके में एक गेस्ट हाउस के कमरे से युवक और युवती के शव मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों की पहचान हरदोई निवासी 22 वर्षीय अमित कुमार और 19 वर्षीय नरगिस के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों एक-दूसरे से प्रेम करते थे और परिवार की नाराजगी के बावजूद साथ रह रहे थे। पुलिस को मौके से एक कथित सुसाइड नोट भी मिला है।

23 अगस्त से गेस्ट हाउस में रह रहे थे

जानकारी के मुताबिक अमित और नरगिस 23 अगस्त से चिनहट स्थित रेड बिल्डिंग गेस्ट हाउस के कमरा नंबर 101 में ठहरे हुए थे। अमित घर से बहन की शादी की खरीदारी और दोस्तों के साथ हरिद्वार जाने की बात कहकर निकला था। उसके साथ करीब चार लाख रुपये होने की बात भी सामने आई है। पुलिस की शुरुआती जांच में यह भी पता चला है कि दोनों ने आर्य समाज मंदिर में शादी की थी। दस्तावेजों में नरगिस का नाम ‘पूजा’ दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

ये भी पढ़ें- शक का खंजर और उजड़ती गृहस्थी: 12 साल का साथ पल भर में खत्म, सोते हुए पति ने छीनी पत्नी की सांसें

बेटी के गायब होने पर दर्ज हुआ था मुकदमा

नरगिस के घर से गायब होने के बाद उसके पिता ने हरदोई के हरपालपुर थाने में अमित के खिलाफ बेटी को भगाने का मुकदमा दर्ज कराया था। परिवार की ओर से अमित पर बेटी को ले जाने का आरोप लगाया गया था। इधर दोनों करीब 18 से 20 दिनों तक लखनऊ के गेस्ट हाउस में साथ रहे। बुधवार रात काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो गेस्ट हाउस के कर्मचारी को शक हुआ। अंदर देखने पर दोनों के शव मिलने की जानकारी पुलिस को दी गई।

पुलिस और फोरेंसिक टीम जांच में जुटी

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस को कमरे से एक कथित सुसाइड नोट मिला है, जिसमें दोनों ने अपनी मर्जी से यह कदम उठाने की बात लिखे जाने का दावा किया गया है। नोट में परिवार के लोगों को परेशान नहीं करने की अपील भी बताई जा रही है।

ये भी पढ़ें- Pawan Yadav Murder: हिस्ट्रीशीटर लल्ला पर दर्ज हैं कई मुकदमे, एक ही गांव से तीनों आरोपी, जानें क्राइम कुंडली

फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। दोनों ने शादी करने के बाद गेस्ट हाउस में इतने दिनों तक साथ रहने के बावजूद यह कदम क्यों उठाया, इसे लेकर कई सवाल हैं। पुलिस परिजनों से पूछताछ करने के साथ ही गेस्ट हाउस से जुड़े लोगों और उपलब्ध साक्ष्यों की भी जांच कर रही है। 

Location :  Lucknow

Published :  16 September 2026, 1:30 PM IST