
प्रतीकात्मक छवि (Source: Pinterest)
Kasganj: अशोक नगर इलाके में ट्यूबवेल की छत पर युवती का शव मिलने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, युवती की हत्या उसके प्रेमी समीर ने तीन साथियों के साथ मिलकर की थी। आरोप है कि तीन लाख रुपये की नकदी और सोने-चांदी के जेवर हड़पने के लिए हत्या की साजिश रची गई थी। पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, समीर को रुपयों की जरूरत थी। कुछ दिन पहले उसने युवती से 8 हजार रुपये उधार लिए थे। पूछताछ में सामने आया कि युवती ने समीर को बताया था कि उसके घर में कमेटी के रुपये और जेवर रखे हैं। इसके बाद समीर ने रुपये और जेवर हासिल करने के लिए अपने साथियों अरसद, अमित और अरसलान के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई।
पुलिस के मुताबिक, समीर के कहने पर युवती घर से 1,35,100 रुपये और सोने-चांदी के जेवर लेकर पहुंची थी। इसके बाद चारों आरोपी उसे फतेह सिंह के खेत के पास ले गए। आरोप है कि वहां युवती के गले में पड़े दुपट्टे से उसका गला दबाकर उसे बेहोश किया गया।
पुलिस के अनुसार, युवती के बेहोश होने के बाद समीर ने चाकू से उसकी गर्दन पर वार किया, जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को ठिकाने लगाने और साक्ष्य मिटाने की योजना बनाई थी। इसी दौरान अचानक एक वाहन की रोशनी पड़ने से आरोपी घबरा गए और शव को ट्यूबवेल की छत पर छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने युवती के कपड़े और हवाई चप्पलें उतार दीं। जिस बैग में वह रुपये और जेवर लेकर आई थी, उसे भी अपने कब्जे में ले लिया। मोबाइल से सिम निकालकर बैग, कपड़ों और चप्पलों को पुरानी रेलवे लाइन के किनारे झाड़ियों में आग लगाकर फेंक दिया गया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर इन सामानों को बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवती के साथ दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है। इस मामले में समीर, अरसद, अमित और अरसलान को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मामले की आगे जांच कर रही है।
युवती के भाई के मुताबिक, मंगलवार देर रात वह घर से लापता हुई थी। आरोप है कि जाने से पहले उसने कमरे में सो रही अपनी बड़ी बहन को खाने में नशीला पदार्थ दे दिया था और बाहर से कुंडी लगा दी थी। बुधवार तड़के जब भाई सब्जी मंडी जाने के लिए उठा तो उसने कुंडी लगी देखी। कमरे में एक बहन अचेत मिली, जबकि दूसरी गायब थी। बाद में अशोक नगर इलाके में ट्यूबवेल की छत पर उसका शव मिला।
Location : Kasganj
Published : 24 September 2026, 3:12 PM IST