

कर्नाटक के पूर्व DGP ओम प्रकाश की हत्या की खबर से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पढ़िए डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट
कर्नाटक के पूर्व डीजीपी का मर्डर (इमेज सोर्स- इंटरनेट)
बेंगलुरु: कर्नाटक के बेंगलुरु से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। कर्नाटक के पूर्व पुलिस महानिदेशक (DGP) ओम प्रकाश की रविवार को उनके ही आवास पर चाकू से घोंपकर हत्या कर दी गई। उनका खून से लथपथ शव उनके घर से बरामद हुआ। मौके पर पुहंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस को घटनास्थल से एक चाकू भी बरामद हुआ है। उस चाकू को सबूत के तौर पर जब्त कर लिया गया है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार वह 1981 बैच के IPS अधिकारी थे। उन्हें एक मार्च, 2015 को पुलिस महानिदेशक नियुक्त किया गया था। वह 2015 से 2017 तक डीजीपी के पद पर तैनात रहे। उन्होंने अपने कैरियर की शुरुआत विजयनगर जिले के हरपनहल्ली के एएसपी के रूप में शुरू किया। उन्होंने शिवमोग्गा, उत्तर कन्नड़ और चिक्कमगलुरु जिलों में पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्य किया था।
वह बिहार के चंपारण के मूल निवासी थे और उन्होंने भूविज्ञान में एमएससी की डिग्री हासिल की थी।
जानकारी के अनुसार पूर्व DGP ओम प्रकाश के दो बच्चे हैं। वह फिलहाल अपनी पत्नी पल्लवी के साथ रहते हैं। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले पति-पत्नी के बीच अनबन हो गई थी। दोनों के बीच व्यक्तिगत मामलों को लेकर अक्सर बहस होती रहती थी। पैसों को लेकर भी काफी समय से उनके बीच अनबन चल रही थी। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे।
पुलिस को संदेह है कि सेवानिवृत्त अधिकारी की पत्नी ने उनकी हत्या की है। फिलहाल सभी एंगल से मामले की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में उनकी पत्नी पल्लवी पर शक जताया जा रहा है। उन्हें पूछताछ के लिए पुलिस हिरासत में लिया गया है, क्योंकि शुरुआती सबूत और हालात बताते हैं कि यह घटना घरेलू कलह के चलते हुई होगी।
पुलिस ने बताया कि पूर्व आईपीएस अधिकारी की लाश खून से सनी हुई हालत में बरामद हुई। पुलिस मामले की जांच में जुट चुकी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
पूर्व डीजीपी की दुखद मौत से पुलिस विभाग और उनके परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई है।